
विजय पटेल
रायबरेली, 4 अक्टूबर 2026ः
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों ने मोर्चा खोल रखा है। इसी कड़ी में यूपी के रायबरेली में समाजवादी पार्टी ने रविवार को प्रदर्शन किया। ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क से डिग्री कॉलेज चौराहे तक पैदल मार्च निकाला और शहीद चौक पर धरना दिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की। कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकने की भी कोशिश की। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की और उनके इस्तीफे की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकने का प्रयास किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पुतला फूंकने से रोका तो दोनों के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इस दौरान पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया। सपा जिलाध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र यादव और हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी समेत पार्टी नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए।
नेताओं ने दावा किया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सपा नेताओं ने करीब 13 करोड़ वोट काटे जाने का दावा भी किया। हालांकि यह पार्टी की ओर से किया गया आरोप है। इसी तरह के दावे हालिया प्रदर्शनों में सपा नेताओं की ओर से किए गए हैं। दोनों नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि पार्टी इस मुद्दे को आगे भी उठाती रहेगी। प्रदर्शन में राष्ट्रीय सचिव शशिकांत शर्मा, छात्रसभा अध्यक्ष शुभम लोहिया, दियवम्बर सिंह, अखिलेश माही, बबलू लोधी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।






