Ayodhya News: वडनगर से काशी की राह में अयोध्या पहुंची ‘सेवा संकल्प यात्रा’, रामलला के दर्शन से पौधरोपण तक दिखा सेवा का संकल्प
कच्चा घाट और लता चौक पर चला स्वच्छता अभियान, कुष्ठ आश्रम में फल वितरण, किष्किंधा वन में 251 पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

अनिल निषाद
अयोध्या, 5 अक्टूबर 2026:
PM नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान गुजरात के वडनगर से काशी के लिए निकली ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के रामनगरी अयोध्या पहुंचने पर यहां भव्य स्वागत किया गया। अयोध्या पहुंचने पर यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। धार्मिक आस्था के साथ यात्रा में सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रमुखता से दिखाई दिया।
यात्रा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने सोमवार सुबह कच्चा घाट अयोध्या और लता चौक पर स्वच्छता अभियान चलाया। इसके बाद कुष्ठ आश्रम पहुंचकर जरूरतमंदों के बीच फल वितरित किए गए। इस दौरान युवा कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों से संवाद कर सेवा कार्यों को समाज से जोड़ने पर जोर दिया गया।
यात्रा के दौरान दशरथ पथ स्थित रामपुर हलवारा के किष्किंधा वन में 251 पौधों का रोपण भी किया गया। पौधरोपण के जरिए पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों के बाद यात्रा को पूराबाजार से आगे काशी की दिशा में रवाना कर दिया गया।

युवाओं को सेवा भाव से जोड़ना अभियान का उद्देश्य
गुजरात भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री डॉ. भाविन राजेश शिरोया ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से युवाओं को सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक दायित्व से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वडनगर से शुरू हुई यात्रा का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं और युवाओं के बीच सेवा भाव को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि अभियान में धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ समाज के बीच जाकर सेवा कार्य करने को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
स्थानीय विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अयोध्या केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं अपितु सेवा और सामाजिक चेतना की भूमि भी है। वहीं महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने यात्रा के स्वागत में विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता का उल्लेख किया।
यात्रा में प्रदेश महामंत्री हर्ष वर्धन सिंह, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, महानगर महामंत्री आकाश सिंह, सार्थक तिवारी, अभिलाष पाण्डेय, विकास गुप्ता, ज्वाला सोनी, कपिल देव वर्मा, साहिल गुप्ता, दीपक चौधरी, अतुल मिश्र, आशुतोष श्रीवास्तव, लवकुश यादव, अभिषेक शुक्ला और पार्षद अंकित त्रिपाठी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।






