अनिल निषाद
अयोध्या, 20 मई 2026:
भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच रामनगरी में श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर नगर निगम ने बड़ा राहतभरा कदम उठाया है। हनुमानगढ़ी मार्ग पर दर्शनार्थियों के लिए टेंट लगाकर छाया व्यवस्था की गई है। इससे अब रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं को तेज धूप और गर्म हवाओं से राहत मिल रही है।
राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। गर्मी की छुट्टियों और धार्मिक आयोजनों के चलते प्रतिदिन हजारों भक्त रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। दोपहर के समय तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चों के लिए तेज धूप में लंबे समय तक लाइन में खड़ा रहना मुश्किल हो गया था।

इसी स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हनुमानगढ़ी मार्ग पर लगभग 216 फीट लंबा और 18 फीट चौड़ा टेंट लगवाया है। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि अयोध्याधाम के जोनल अधिकारी की संस्तुति पर यह व्यवस्था कराई गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
हनुमानगढ़ी मार्ग का वह हिस्सा चुना गया है जहां सबसे अधिक भीड़ रहती है। अब टेंट के नीचे श्रद्धालुओं को पर्याप्त छाया मिल रही है। इससे गर्मी का असर काफी कम महसूस हो रहा है। दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी नगर निगम की इस पहल की सराहना की है। कई भक्तों ने कहा कि पहले दोपहर में लाइन में लगना बेहद कठिन होता था, लेकिन अब टेंट लगने से काफी राहत मिली है और दर्शन का अनुभव अधिक सहज हो गया है।
नगर निगम केवल टेंट व्यवस्था तक सीमित नहीं है बल्कि पूरे अयोध्याधाम में गर्मी से राहत दिलाने के लिए अतिरिक्त इंतजाम भी किए जा रहे हैं। प्रमुख मार्गों, घाटों और मंदिरों के आसपास स्प्रिंकलर मशीनों से लगातार पानी का छिड़काव कराया जा रहा है जिससे वातावरण में ठंडक बनी रहे। इसके साथ ही पेयजल, अस्थायी विश्राम स्थल, साफ-सफाई और छाया व्यवस्था की नियमित निगरानी भी की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना को देखते हुए जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त टेंट और अन्य सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी। इन दिनों रामनगरी में सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और प्रशासन हर स्तर पर व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटा हुआ है।






