Lucknow City

मायावती का बड़ा फैसला : आकाश आनंद की BSP में फिर वापसी, ‘राष्ट्रीय संयोजक’ का ओहदा भी मिला

माफी के बाद बड़े भतीजे पर दोबारा जताया भरोसा, बसपा सुप्रीमो बोलीं- अब संगठन में बार-बार बदलाव की नौबत न आए, भविष्य उनके काम और कार्यशैली पर निर्भर

लखनऊ, 5 अक्टूबर 2026:

बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने बड़े भतीजे आकाश आनंद को लेकर फिर बड़ा फैसला लिया है। पार्टी से बाहर किए जाने के बाद माफी मांगकर वापसी की गुहार लगाने वाले आकाश आनंद की बसपा में दोबारा एंट्री हो गई है। मायावती ने उन्हें फिर से पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कन्वेनर) बनाकर संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने का मौका दिया है। यह फैसला ऐसे समय हुआ है जब कुछ दिन पहले ही आकाश आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मायावती से पार्टी में दोबारा काम करने का अवसर मांगा था।

मायावती ने सोमवार शाम सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के संघर्ष व आदर्श बहुजन समाज के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी और बहुजन समाज का हित उनके लिए सर्वोपरि है और संगठन में अनुशासन बनाए रखने के लिए समय-समय पर सख्त फैसले लेने पड़े हैं।

mayawati-ne-akash-anand-ko-bsp-me-wapas-laya-national-convenor (1)

ये भी पढ़ें:

बसपा प्रमुख ने कहा कि आकाश आनंद का व्यक्तित्व पार्टी में काफी हद तक ठीक रहा है लेकिन उनके संबंध में पिछले दिनों कुछ ऐसे कारण सामने आए, जिनकी वजह से संगठन में कई जरूरी बदलाव करने पड़े। इसी क्रम में आकाश आनंद के ससुर और पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे अशोक सिद्धार्थ को भी राजनीति से संन्यास लेना पड़ा।

Advertisement

मायावती के मुताबिक इसके बाद आकाश आनंद के व्यक्तित्व और कार्यशैली में काफी बदलाव देखने को मिला है। पार्टी में वापसी के लिए X पर हाल में किया गया उनका पोस्ट भी इसका प्रमाण है। बसपा प्रमुख ने बताया कि पार्टी के अधिकांश लोगों की राय थी कि आकाश आनंद के अनुरोध को स्वीकार करते हुए उन्हें पहले की जिम्मेदारियों के साथ दोबारा काम करने का मौका दिया जाना चाहिए।

इस फैसले को आकाश आनंद के पिता आनंद कुमार और छोटे भाई ईशान आनंद की सहमति भी मिली। मायावती ने बताया कि ईशान आनंद ने यहां तक कहा है कि वह बिना किसी पद के भी बहन जी के दिशा-निर्देशन में पार्टी का जो भी काम मिलेगा उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करेंगे।

मायावती ने कहा कि पार्टी और मूवमेंट के हित में काफी सोच-विचार के बाद आकाश आनंद को फिर से राष्ट्रीय संयोजक बनाकर काम करने का अवसर दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद अब पार्टी में सब कुछ ठीक और सुचारू ढंग से चलेगा तथा संगठन में बार-बार बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

हालांकि, मायावती ने यह भी स्पष्ट किया कि आगे की स्थिति काफी हद तक आकाश आनंद के व्यवहार, काम और कार्यशैली पर निर्भर करेगी। उन्होंने आकाश आनंद के साथ उनके छोटे भाई ईशान आनंद और पिता आनंद कुमार को भी आशीर्वाद दिया।

ये भी पढ़ें  केंद्रीय बजट की कई घोषणाओं को लखनऊ के व्यापारियों ने सराहा लेकिन टैक्स सरलीकरण पर निराशा

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link