Up News: मोदी के 25 साल का जश्न, योगी ने दिखाया ‘विकसित भारत’ का रोडमैप, 80-20 की लड़ाई पर बड़ा बयान
लखनऊ के पटेल पार्क में ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’, सीएम योगी ने गिनाईं 25 वर्षों की उपलब्धियां, बोले- गुजरात से शुरू हुआ सफर आज भारत को वैश्विक पहचान दिला रहा

लखनऊ, 7 अक्टूबर 2026:
गुजरात के CM से लेकर देश के PM तक नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को यूपी की राजधानी लखनऊ में ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। हजरतगंज स्थित पटेल पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी की राजनीतिक यात्रा को ‘गांव से ग्लोबल और जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ तक का सफर बताया। उन्होंने कहा कि गुजरात के एक छोटे से गांव से निकलकर सामान्य कार्यकर्ता के रूप में सार्वजनिक जीवन शुरू करने वाले नरेंद्र मोदी ने वैश्विक स्तर पर भारत को नई पहचान दिलाई है। अब इस यात्रा को 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ाना है।
सीएम योगी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। उस समय गुजरात गंभीर आपदा से जूझ रहा था। समाज व राष्ट्र विरोधी तत्व अव्यवस्था पैदा करने का प्रयास कर रहे थे। ऐसी परिस्थितियों में गुजरात की कमान संभालकर मोदी ने प्रदेश को मॉडल स्टेट के रूप में देश और दुनिया के सामने स्थापित किया। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में पिछले 12 वर्षों में उन्होंने भारत को समर्थ और सशक्त राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाया है।
फ्रैजाइल-5 से टॉप-5 तक का सफर
योगी ने मोदी सरकार के दौर में आए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि 12 वर्ष पहले भारत की गिनती ‘फ्रैजाइल-5’ में होती थी। आज देश दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बना चुका है। उन्होंने स्टार्टअप इकोसिस्टम का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां कभी देश में कुछ हजार स्टार्टअप थे वहीं आज इनकी संख्या ढाई लाख से अधिक हो गई है। मिशन रोजगार के माध्यम से युवाओं के लिए नौकरी, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि यह 25 वर्ष केवल सत्ता और सरकार की यात्रा नहीं अपितु हर वर्ग के जीवन में परिवर्तन की यात्रा है। इसमें महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की खुशहाली और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
वंदे भारत से एक्सप्रेसवे तक बदली कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री ने रेलवे विद्युतीकरण, ब्रॉड गेज और ईस्टर्न-वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं से देश की कनेक्टिविटी नई ऊंचाई पर पहुंची है। एयरपोर्ट, हाईवे और एक्सप्रेसवे का नेटवर्क बढ़ा है। यूपी को इनलैंड वॉटरवे की सुविधा भी मिली है।
चिप से डिफेंस तक आत्मनिर्भर भारत
योगी ने कहा कि कभी भारत एक चिप के लिए दुनिया पर निर्भर था लेकिन अब सेमीकंडक्टर क्षेत्र में बड़े निवेश हो रहे हैं। देश में 12 से अधिक बड़े सेमीकंडक्टर उद्योग या तो सक्रिय हो चुके या उनमें निवेश की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। रक्षा क्षेत्र में भी भारत हजारों करोड़ रुपये के रक्षा उत्पाद दूसरे देशों को निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा कि एम्स की संख्या छह से बढ़कर 23 हो गई है और आईआईटी, आईआईएम तथा इमर्जिंग टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अवसर बढ़े हैं।
लखनऊ में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा कार्यक्रम में…
https://t.co/YIiCPpy0xv
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 7, 2026
‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ से ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ तक
यूपी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ सत्ता के समानांतर अराजकता पैदा करता था। अब प्रदेश की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ से हो रही है। उन्होंने कहा कि हुनरमंद कारीगरों और हस्तशिल्पियों को उद्यमी बनाने का काम किया जा रहा है।
डिजिटल इंडिया और जनधन खातों का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि कभी इन योजनाओं का मजाक उड़ाया गया था, लेकिन आज डीबीटी के माध्यम से दिल्ली और लखनऊ से भेजी गई राशि सीधे गरीब, महिला, किसान, युवा और श्रमिक के खातों में पहुंच रही है। उन्होंने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन का भी उल्लेख किया।

योगी बोले- फिर आ गई 80-20 की लड़ाई
मुख्यमंत्री योगी ने उत्तर प्रदेश के राज्यसभा चुनाव को आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव ने बता दिया है कि विधानसभा चुनाव का परिणाम क्या होने जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘यह लड़ाई 80-20 की फिर आ गई है- 80 फीसदी एनडीए में और 20 फीसदी पीडीए में।’ उन्होंने कहा कि पीडीए का क्या हाल होने वाला है, यह भी सामने आने वाला है।
विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचेगी ‘सेवा ज्योति’
योगी ने कार्यकर्ताओं से सेवा ज्योति को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों तक ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक की 25 वर्षों की यात्रा को जनता के बीच पहुंचाने के साथ लोगों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पीएम मोदी के कार्यों पर आधारित ‘जन सेवा से देश सेवा’ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने सेवा ज्योति की स्थापना भी की। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, सांसद संजय सेठ व बृजलाल, मेधा कुलकर्णी, महापौर सुषमा खर्कवाल, डॉ. महेंद्र सिंह, पंकज सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






