CrimeUttar Pradesh

लखनऊ : 10 लाख की फिरौती के लिए हाईस्कूल के छात्र ने किया था दो बच्चों को किडनैप

लखनऊ, 13 सितंबर 2025:

यूपी की राजधानी लखनऊ के आलमबाग इलाके से अगवा किए गए दोनों बच्चों को पुलिस ने लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ इलाके से सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस ने इस मामले में 20 वर्षीय युवक विजय शर्मा को गिरफ्तार किया है। वह आलमबाग स्थित गांधी इंटर कॉलेज का हाईस्कूल का छात्र है।

लखीमपुर खीरी में मिले दोनों बच्चे, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार विजय ने बच्चों को एनर्जी ड्रिंक और 50 रुपये का लालच देकर गत गुरुवार दोपहर बहला-फुसलाकर अगवा किया था। इसके बाद उसने बच्चों के परिजनों से 10 लाख रुपये फिरौती की मांग की थी। शुक्रवार सुबह अपहृत छात्र अर्जुन सिंह के पिता को आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल कर धमकी दी। फिरौती न देने पर बच्चों की हत्या करने की बात कही।

सूचना मिलते ही पुलिस ने पांच टीमें गठित कर जांच शुरू की। आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस ने लखीमपुर खीरी के गोला रेलवे स्टेशन के पास से दोनों बच्चों को सुरक्षित छुड़ा लिया और अपहरणकर्ता को दबोच लिया।

Advertisement

आलमबाग इंस्पेक्टर सुभाष सरोज के मुताबिक अर्जुन (12) आठवीं का छात्र है। उसके पिता संजय सिंह बाइक मैकेनिक हैं। अर्जुन गुरुवार को अपने दोस्त प्रद्युम्न यादव (8) के साथ साइकिल चलाने निकला था। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रद्युम्न के पिता ऑटो चालक हैं।

डीसीपी मध्य आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी मूल रूप से सीतापुर जिले के लहरपुर का रहने वाला है और आर्थिक लालच में उसने यह घटना अंजाम दी। पुलिस ने उसके खिलाफ अपहरण और फिरौती मांगने का केस दर्ज कर लिया है।

ये भी पढ़ें  गोरखपुर : महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी घोषित, युवा और महिलाओं को भी जिम्मेदारी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link