Lucknow CityUttar Pradesh

UP MLC Election : 6 सीटों के नतीजे आए, भाजपा को 4, सपा को 2 पर जीत, लखनऊ शिक्षक सीट पर उमेश द्विवेदी की हैट्रिक

पांच सीटों पर मतगणना जारी, तीन पर सपा और दो पर भाजपा आगे, वाराणसी में भाजपा को झटका, लखनऊ स्नातक सीट पर कांती सिंह ने शुरुआती रुझानों में बनाई बढ़त

लखनऊ, 28 अक्टूबर 2026:

यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी ताकत का सेमीफाइनल माने जा रहे विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के नतीजों और रुझानों ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। प्रदेश की 11 शिक्षक और स्नातक सीटों में से छह के परिणाम घोषित हो चुके हैं। इनमें भाजपा ने चार और समाजवादी पार्टी (सपा) ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, पांच सीटों पर मतगणना जारी है जिनमें भाजपा दो और सपा तीन सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी उमेश द्विवेदी ने जीत दर्ज कर लगातार तीसरी बार सीट अपने नाम की। उन्होंने सपा के सुशील कुमार को हराकर हैट्रिक लगाई। जीत के बाद द्विवेदी ने कहा कि भाजपा ने एक सामान्य शिक्षक पर भरोसा जताते हुए राजधानी की सीट से तीसरी बार प्रत्याशी बनाया। इसके लिए वह पार्टी के आभारी हैं। उन्होंने उन लाखों शिक्षकों का भी धन्यवाद किया जिन्होंने लगातार तीसरी बार उन पर विश्वास जताया। द्विवेदी ने कहा कि शिक्षकों के मान-सम्मान की रक्षा के लिए जरूरत पड़ने पर वह किसी से भी टकराने से पीछे नहीं हटेंगे।
up-mlc-election-result-bjp-sp-win-2026 (2)

लखनऊ स्नातक सीट पर सपा की कांती सिंह आगे

लखनऊ खंड स्नातक सीट पर मतगणना के शुरुआती रुझानों में सपा प्रत्याशी कांती सिंह ने भाजपा के अवनीश सिंह पर बढ़त बनाई। पहले राउंड में कांती सिंह को 6,579 वोट मिले, जबकि अवनीश सिंह को 4,387 मत प्राप्त हुए। इस तरह सपा प्रत्याशी 2,192 वोटों से आगे रहीं। पहले राउंड में कुल 13,980 मतों की गिनती हुई। इस सीट पर नौ राउंड में मतगणना होनी है।

ये भी पढ़ें:

भाजपा का सभी 11 सीटें जीतने का दावा

भाजपा प्रत्याशी अवनीश सिंह ने सभी 11 सीटों पर जीत का दावा करते हुए लखनऊ में भी भारी बहुमत से जीत का भरोसा जताया। सपा की ओर से मतगणना में गड़बड़ी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि हार की आशंका होने पर सपा आरोप लगाने लगती है और जनता को गुमराह कर रही है। दूसरी ओर कांती सिंह ने अपनी जीत का भरोसा जताते हुए कई बूथों पर गड़बड़ी, एजेंटों को रोके जाने और फर्जी मतदान के आरोप लगाए। उन्होंने मतगणना के दौरान मतपत्रों के बंडलों में अधिक मतपत्र मिलने का दावा भी किया।

Advertisement

लखनऊ सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अभय किशोर के मुताबिक मतगणना पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जा रही है। उनके मुताबिक लखनऊ शिक्षक सीट पर मतपत्रों के बंडल बनाने का काम शाम छह बजे पूरा हुआ जिसके बाद पहले चक्र की गिनती शुरू की गई। शिक्षक सीट पर दो चक्रों में मतगणना होनी थी। दोनों सीटों की गिनती के लिए रैली स्थल के दोनों हॉल में 14-14 टेबल लगाई गई हैं।

वाराणसी में भाजपा को झटका, गोरखपुर में बदले समीकरण

अब तक आए नतीजों के मुताबिक भाजपा ने मेरठ शिक्षक, मेरठ स्नातक, बरेली शिक्षक और लखनऊ शिक्षक सीटें जीती हैं, जबकि सपा ने वाराणसी शिक्षक और आगरा शिक्षक सीट पर कब्जा जमाया है। रुझानों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भाजपा शिक्षक सीट हार चुकी है। स्नातक सीट पर भी पीछे चल रही है।

वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर में शिक्षक सीट पर भाजपा पिछड़ने के बाद आगे हो गई है।फिलहाल भाजपा गोरखपुर शिक्षक और आगरा स्नातक सीट पर आगे है, जबकि सपा वाराणसी स्नातक, लखनऊ स्नातक और झांसी स्नातक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इन पांच सीटों के अंतिम नतीजे चुनावी तस्वीर को और स्पष्ट करेंगे।

ये भी पढ़ें  रिश्तेदार की शादी-समारोह के लिए जमानत पर रिहा आरोपी को विदेश जाने की अनुमति नहीं : हाईकोर्ट

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link