धीरेंद्र शास्त्री का नया वीडियो वायरल : रामजी के पिता वाले बयान पर भड़के अखिलेश, बोले- इनके सभी कार्यक्रम रद्द हों
भगवान राम और कृष्ण की तुलना पर विवाद के बीच कथावाचक का एक और वीडियो चर्चा में, अखिलेश यादव ने पूछा- ये सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय हैं? कहा- अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे

लखनऊ, 3 नवंबर 2026:
बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना को लेकर दिए गए विवादित बयान पर मचा बवाल अभी थमा भी नहीं था कि उनका एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री भगवान राम के पांच पिता होने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखा हमला बोला है और उनके सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘ये सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय हैं। पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया, अब भगवान राम के पिता के बारे में अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है। इसके राजनीतिक आकाओं को ये सब मंजूर होगा, हमें अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं है।’

उन्होंने आगे मांग की कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के अपराध में धीरेंद्र शास्त्री के सभी कार्यक्रम रद्द किए जाएं। अखिलेश ने तीखे अंदाज में कहा, ‘अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे।’
वीडियो में क्या कह रहे धीरेंद्र शास्त्री?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री कहते सुनाई दे रहे हैं, ‘राम जी के पांच बाप थे, ये बड़ी विचित्र बात है। इसको स्वीकार करना बड़ा मुश्किल है। रामजी के पांच पिता जी थे, इसका लेख किसी को कहीं पर भी नहीं मिलेगा।’ उनके इस कथन को लेकर सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है।
पहले भी भगवान कृष्ण पर बयान से मचा था हंगामा
इससे पहले भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना को लेकर धीरेंद्र शास्त्री के कथित बयान पर भी अखिलेश यादव ने कड़ी नाराजगी जताई थी। उन्होंने इसे ईशनिंदा करार देते हुए कहा था कि मानवीय भूलों को माफ किया जा सकता है लेकिन ईशनिंदा के लिए कोई माफी नहीं होनी चाहिए।
ये सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय है। पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया अब भगवान राम के पिता के बारे अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है। इसके राजनीतिक आकाओं को ये सब मंजूर होगा, हमें अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं है।
सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के अपराध में इसके सभी कार्यक्रम रद्द किये जाएं। अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 3, 2026
अखिलेश ने धीरेंद्र शास्त्री के सभी कार्यक्रमों पर आजीवन प्रतिबंध लगाने, देशभर में उनके आयोजनों को रद्द करने और सार्वजनिक जीवन में उनका बहिष्कार करने की मांग की थी। उन्होंने वैधानिक कार्रवाई की भी वकालत की थी। अब नए वीडियो के सामने आने के बाद यह विवाद एक बार फिर राजनीतिक और धार्मिक बहस के केंद्र में आ गया है।






