“बिल जमा, फिर भी कटी लाइन: संभल में महिला डंडा लेकर चढ़ी पोल पर”

संभल,31 दिसंबर 2024
उत्तर प्रदेश के संभल जिले के गांव बांकरपुर में बिजली विभाग की कार्रवाई के दौरान एक अजीबोगरीब घटना हुई। बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक महिला का कनेक्शन काटने की कोशिश की गई, जबकि उसका बिजली बिल जमा था। जब लाइनमैन खंभे पर चढ़कर कनेक्शन काट रहा था, तो महिला ने यह देखकर गुस्से में सीढ़ी लगाई और डंडा लेकर खंभे पर चढ़ गई। उसने लाइनमैन को डांटते हुए पूछा, “जब मेरा बिल जमा है, तो कनेक्शन क्यों काटा?”
इस दौरान लाइनमैन खुद को निर्दोष बताते हुए महिला से माफी मांगता नजर आया। वह महिला से बार-बार कहता रहा कि उसने उसका कनेक्शन नहीं काटा है और उसे घर जाकर जांचने की बात कही। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। घटना ने इलाके में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।






