गोरखपुर : रेलवे पुलिस ने 205 खोए मोबाइल किए बरामद, कुल कीमत ₹30 लाख, लोगों के चेहरे पर खुशी

हरेन्द्र दुबे
गोरखपुर, 9 जनवरी 2025:
यूपी के रेलवे पुलिस गोरखपुर ने मोबाइल बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 205 खोए हुए एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹30 लाख है।
पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर संदीप कुमार मीना के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सविरत्न गौतम व पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर विनोद कुमार सिंह के निकट पर्यवेक्षण में जीआरपी गोरखपुर की सर्विलांस शाखा ने यह उपलब्धि हासिल की। बरामदगी के लिए टीम ने विभिन्न जिलों और अन्य प्रांतों में जाकर अभियान चलाया। बरामद हुए मोबाइलों में कुछ की कीमत ₹70-80 हजार तक बताई जा रही है।
आज पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर के कार्यालय में सभी मोबाइल उनके असली स्वामियों को सौंपे गए। अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने गोरखपुर रेलवे पुलिस की सतर्कता, मेहनत और ईमानदारी की सराहना की। उन्होंने इसे पुलिस की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली और जनता के प्रति ईमानदारी का उदाहरण बताया।






