आईआईटी (बीएचयू) ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में हासिल की महत्वपूर्ण उपलब्धि

वाराणसी,17 मार्च 2025:
यूपी के वाराणसी स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीएचयू) ने प्रतिष्ठित क्यूएस (Quacquarelli Symonds) वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग बाय सब्जेक्ट 2025 में महत्वपूर्ण स्थान हासिल किया है। 12 मार्च को जारी इस रैंकिंग में संस्थान को पदार्थ विज्ञान (Materials Science) विषय में 401-550 श्रेणी में स्थान मिला है। इसके अलावा, इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी के व्यापक संकाय क्षेत्र में आईआईटी (बीएचयू) ने वैश्विक स्तर पर 501-550 रैंक प्राप्त की है।
क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग बाय सब्जेक्ट एक वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त मूल्यांकन है, जो संस्थानों का मूल्यांकन पांच प्रमुख संकेतकों – शैक्षणिक उपलब्धि, एम्प्लायर प्रतिष्ठा, शोध पत्र उद्धरण, एच-इंडेक्स और अंतरराष्ट्रीय शोध नेटवर्क के आधार पर करता है। इस साल आईआईटी (बीएचयू) को इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी, नेचुरल साइंसेज, लाइफ साइंसेज और मेडिसिन, और सोशल साइंसेज और मैनेजमेंट के चार व्यापक विषय क्षेत्रों में कुल चौदह विशिष्ट विषयों में स्थान मिला है।
संस्थान के प्रवक्ता के अनुसार, यह पहली बार है जब आईआईटी (बीएचयू) ने इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी के व्यापक संकाय क्षेत्र में क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग बाय सब्जेक्ट में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है और 501-550 श्रेणी में स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि संस्थान की शैक्षणिक और शोध उत्कृष्टता का प्रमाण है।






