बकरीद पर अलर्ट: जिलों को भेजा अतिरिक्त फोर्स, डीजीपी बोले… अफवाह फैलाने वालों को न बख्शें

लखनऊ, 6 जून 2025
यूपी पुलिस के नए मुखिया डीजीपी राजीव कृष्ण ने बकरीद पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी कप्तानों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। इसमें किसी नई परंपरा की शुरुआत न होने व अफवाह फैलाने वालों को न बख्शे जाने की हिदायत दी गई है।
एक्शन रिपोर्ट में बताया, कैसे संभालनी है शांति व सुरक्षा व्यवस्था
डीजीपी राजीव कृष्ण ने शनिवार को होने वाले बकरीद पर्व के लिए जिलों के कप्तानों को एक एक्शन रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में उन्हें बताया गया है कि बकरीद पर्व पर किस तरह शांति व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी है। डीजीपी ने इस अहम दायित्व में मदद के लिए विभिन्न जिलों में उपलब्ध पुलिस बल के अतिरिक्त 2 एएसपी, 6 डिप्टी एसपी, 51 कंपनी पीएसी और 3 कंपनी आरपीएफ प्रदेश मुख्यालय से भेजा है।
सोशल मीडिया पर रहे नजर, नई परंपरा शुरू न हो
इसके अलावा डीजीपी ने कहा है कि सोशल मीडिया पर सतर्क नजर रखें। कोई भी अफवाह फैलाने में लिप्त मिले उसे कत्तई बख्शा न जाए। ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर कोई नई परंपरा शुरू नहीं होनी चाहिए। बीते वर्षों में बकरीद के दौरान हुई घटनाओं की समीक्षा कर लें और सुनिश्चित करें कि उसकी पुनरावृत्ति न होने पाए। सार्वजनिक मार्ग किसी भी दशा में बाधित न होने पाएं। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी को सख्ती से रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं।






