Uttar Pradesh

सीएम योगी ने की ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत, सरयू तट पर पौधे लगाए, सेल्फी भी ली

अयोध्या, 9 जुलाई 2025:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अयोध्या में सरयू तट स्थित रामपुर हलवारा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पीपल, बरगद और नीम के पौधे रोपे और पौधों के साथ सेल्फी भी ली।

सीएम योगी का स्वागत प्रदेश के वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने चंदन का पौधा भेंट कर किया। इस पौधरोपण महाअभियान के तहत पूरे उत्तर प्रदेश में 37 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

ये भी पढ़ें:

“पौधरोपण मां के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक”

Advertisement

दशरथ पथ के पास आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान अपनी मां के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का एक माध्यम है। उन्होंने कहा, “आज के दिन पौधा लगाकर हम पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकते हैं। पौधों की सुरक्षा और देखभाल भी उतनी ही जरूरी है।”

जलवायु परिवर्तन को लेकर जताई गंभीर चिंता

सीएम ने जलवायु परिवर्तन को लेकर गंभीर चिंता जताई और प्राकृतिक आपदाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिका में हाल ही में सैकड़ों बच्चे एक नदी में बह गए, जो अचानक आई बाढ़ का परिणाम था। उन्होंने कहा कि पौधे नहीं होंगे तो कार्बन उत्सर्जन बढ़ेगा और फेफड़े खराब होंगे। पर्यावरण को बचाने के लिए पौधारोपण जरूरी है।

किसानों को कार्बन क्रेडिट से लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में जिन किसानों ने पांच वर्ष पहले अपने खेतों में पौधे लगाकर पंजीकरण कराया था, उन्हें वन विभाग के माध्यम से कार्बन फाइनेंसिंग क्रेडिट के तहत प्रति पौधा 6 डॉलर दिए जा रहे हैं। यह सहायता अगले पांच वर्षों तक जारी रहेगी।

हनुमानगढ़ी और रामलला के किए दर्शन

अयोध्या पहुंचने के बाद सीएम योगी ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन किए और संतों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए और निर्माणाधीन राम मंदिर के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

सीएम आजमगढ़ में भी करेंगे पौधरोपण

अयोध्या के बाद सीएम योगी आजमगढ़ के मुबारकपुर स्थित सठियांव के बेरमा गांव जाएंगे। वहां आयोजित जनसभा में भाग लेंगे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास यूपीडा की जमीन पर 12 हजार पौधे लगाए जाएंगे। इनमें से 9 हजार पौधे आमजन द्वारा और 3 हजार पौधे मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्कूली बच्चों द्वारा लगाए जाएंगे।

ये भी पढ़ें  आगरा : किरावली में दो युवकों की हत्या, नहर पटरी पर मिले खून से सने शव, ग्रामीणों का प्रदर्शन

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link