Uttar Pradesh

तेंदुए से भिड़ गई मां…साहस दिखाकर मासूम बेटी को जबड़े से छुड़ा लाई

मयंक चावला

आगरा, 21 अगस्त 2025 :

यूपी के आगरा जिले के बाह क्षेत्र में एक तेंदुए ने तीन साल की मासूम बच्ची पर हमला कर दिया। वो अपने शिकार में कामयाब होता तभी बीच में बच्ची की मां आ गई। जिंदगी की परवाह किए बिना मां तेंदुए से भिड़ गई। उसके साहस से बच्ची बच गई और तेंदुए को मायूस होकर भागना पड़ा। हालांकि वन विभाग ने तेंदुए के बजाय अन्य हिंसक जानवर के हमले की आशंका जताई है।

बाह थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव में आशीष पत्नी रीना और बच्चों के साथ रहता है। रीना दोपहर के समय गांव में अपने घर के बाहर बर्तन मांज रही थी। उसकी तीन साल की बेटी अर्पिता वहीं बैठी खेल रही थी। इसी दौरान अचानक तेंदुआ आया और उसकी बेटी को खींचकर ले जाने लगा। बेटी की चीख सुनकर रीना ने पूरा मंजर देखा। पल भर के लिए वो भी सहम गई लेकिन बेटी की जान बचाने के लिए वो साहस बटोर कर तेंदुए के सामने आ गई।

ये भी पढ़ें:

बेटी को बचाने के लिए उसने तेंदुए से संघर्ष शुरू कर दिया। करीब 15 मिनट तक मां रीना तेंदुए से टक्कर लेती रही। इस दौरान कई बार तेंदुए ने रीना पर भी हमला किया और सिर पर हमला करने के साथ उंगली पर भी दांत मार दिए लेकिन रीना ने हार नहीं मानी और आखिरकार तेंदुए के जबड़े से बेटी को छुड़ा लिया।

शोर सुनकर ग्रामीण भी एकत्रित हो गए और तेंदुए को ढूंढने की कोशिश की लेकिन हमला करने वाले जानवर का कोई पता नहीं चला। जख्मी हालत में रीना और उसकी बेटी अर्पिता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को वापस घर भेज दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों का दावा है कि इस क्षेत्र में कभी तेंदुआ नहीं दिखा। हमला करने वाला सियार या लकड़बग्घा हो सकता है। एहतियातन कांबिंग कराई जा रही है।

ये भी पढ़ें  कासगंज को 724 करोड़ का तोहफा, सीएम बोले...सेना ने पाकिस्तान को घुटने पर ला दिया

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link