पूर्व विधायक राघवेंद्र के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोला, कहा…हिंदू नौजवानों को अपराध में धकेल रही भाजपा
पूर्व विधायक ने हिंदू नौजवानों से अपील करते हुए मुस्लिम लड़कियों को लेकर दिया था विवादित बयान। आम आदमी पार्टी महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव ने कहा सिद्धार्थनगर एसपी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग करेंगे, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा।
लखनऊ, 31 अक्टूबर 2025:
सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज से पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह द्वारा हिंदू नौजवानों से मुस्लिम लड़कियों को लेकर दिए गए विवादित बयान पर आम आदमी पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव ने कहा है कि ऐसे बयानों से समाज में नफरत और वैमनस्य फैलता है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गोमतीनगर के विवेक खंड स्थित प्रदेश कार्यालय में मीडिया से मुखातिब होकर प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव ने बताया कि आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही सिद्धार्थनगर एसपी से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो महिला प्रकोष्ठ सड़कों पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेगा। एक जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की असंवेदनशील और भड़काऊ टिप्पणी करना बेहद शर्मनाक है। “देश संविधान से चलता है, न कि धर्म या नफरत की राजनीति से।
नीलम यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, रोजगार,स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर फेल हो गई है। इस विफलता पर उसे कोई जवाब नहीं सूझ रहा है। इसलिए ऐसी समाज विरोधी कार्य किये जा रहे हैं। भाजपा एक तरफ अमन चैन की बात करती है वहीं पीएम मोदी बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देते हैं लेकिन अपने ही आकाओं के फोटो लगाकर उनकी पार्टी का पूर्व विधायक हिंदू नौजवानों को उकसा रहा है। दस मुस्लिम लड़कियां लाने पर वो नौकरी देने की बात करता है। इससे क्या भाईचारा सुरक्षित रहेगा। एक पूर्व विधायक सिर्फ अपनी कुर्सी पाने के लिए इस हद तक जा सकता है।
भाजपा दोहरा चरित्र लेकर चल रही है। जनता इसे समझ चुकी है। कोई गाजर मूली की तरह काटने की बात कह रहा है कोई हिंदू नौजवानों को अपराध में धकेलने का काम कर रहा है। भाजपा सिर्फ दंगा फसाद कराकर अपनी सत्ता बचाने का काम कर रही है। आम आदमी पार्टी भाजपा और उनके नेताओं को अपने मंसूबे में कामयाब नहीं होने देगी। वो सिद्धार्थनगर एसपी से मुलाकात कर पूर्व भाजपा विधायक पर लगाम लगाने की मांग करेंगी। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो आम आदमी पार्टी डुमरियागंज से लेकर लखनऊ तक आंदोलन करेगी।






