बिजनेस डेस्क, 25 नवंबर 2025 :
क्रिप्टोकरेंसी मार्केट एक बार फिर रफ्तार पकड़ता दिख रहा है। बीते दिनों भारी उतार-चढ़ाव के बाद अब क्रिप्टो का मार्केट कैप फिर से 3 ट्रिलियन डॉलर (3 लाख करोड़ डॉलर) के आंकड़े को पार कर गया है। पिछली बार यह आंकड़ा 21 नवंबर को दिखा था, जिसके बाद मार्केट लगातार फिसलता गया था। हालांकि अब फिर से तेजी लौटती नजर आ रही है।
24 घंटे में क्रिप्टो मार्केट में जबरदस्त उछाल
CoinMarketCap के मुताबिक मंगलवार सुबह 11 बजे तक क्रिप्टो का कुल मार्केट कैप 3.03 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गया। 24 घंटे पहले यह 2.98 ट्रिलियन डॉलर था। यानी सिर्फ 24 घंटे में मार्केट में 0.05 ट्रिलियन डॉलर (करीब 4.45 लाख करोड़ रुपये) की तेजी आ गई। अधिकतर क्रिप्टोकरेंसी हरे निशान पर ट्रेड कर रही हैं, जबकि कुछ अभी भी हल्की गिरावट में हैं।
बिटकॉइन में हल्की तेजी, गिरावट थमी
बिटकॉइन ने 24 घंटे में लगभग 0.80% की बढ़त दर्ज की। मंगलवार सुबह यह लगभग 88,000 डॉलर पर ट्रेड कर रही थी। पिछले 7 दिनों की गिरावट अब धीमी पड़ गई है, लेकिन एक सप्ताह में यह अभी भी 2% से ज्यादा नीचे है। यानि निवेशकों को अभी भी थोड़ा नुकसान झेलना पड़ रहा है।
पाई नेटवर्क की हालत कमजोर
पाई नेटवर्क कॉइन पर थोड़ा दबाव बना हुआ है-24 घंटे में 1.74% की गिरावट। कीमत करीब 0.2380 डॉलर। पिछले 7 दिनों में हालांकि यह 6% का रिटर्न दे चुका है। यानी शॉर्ट टर्म में नुकसान है, लेकिन हाल के दिनों में इसकी परफॉर्मेंस अच्छी रही है।
किस क्रिप्टो ने मारी सबसे तेज़ छलांग?
पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा रिटर्न देने वाला कॉइन रहा-Kaspa (कास्पा)। 24 घंटे में 16% से ज्यादा की बढ़त हुई। मंगलवार सुबह कीमत 0.04813 डॉलर (लगभग 4.29 रुपये)थी। यह बढ़त कई बड़ी क्रिप्टोकरेंसी को पीछे छोड़ चुकी है।






