लखनऊ में आज फिर बड़े पैमाने पर बिजली कटौती, कई इलाकों में शाम 5 बजे तक बंद रहेगी सप्लाई
अलीगंज के सेक्टर-एम, सेक्टर-एन, उस्मान एंक्लेव और कुर्सी रोड क्षेत्र, श्रीनाथजी विहार क्षेत्र, नौवा खेड़ा, मुस्लिम नगर गोमती विहार, नंदना विलेज, आरआर गार्डन, चंद्राकोडर, श्याम विहार, रूद्र नगर, सीता विहार और हर्ष विहार क्षेत्र होंगे प्रभावित
लखनऊ, 5 दिसंबर 2025:
यूपी की राजधानी लखनऊ के लाखों लोगों को आज फिर बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। बिजली विभाग ने शहर के विभिन्न उपकेंद्रों में आवश्यक रखरखाव और नेटवर्क अपग्रेडेशन के लिए दिनभर सप्लाई बाधित रखने का निर्णय किया है। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इन सुधार कार्यों के दौरान उपकरणों की कई तरह की टेस्टिंग की जाएगी जिससे आने वाले महीनों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
बिजली कटौती का सबसे अधिक प्रभाव न्यू कैंपस उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र पर पड़ेगा। नौवा खेड़ा, मुस्लिम नगर गोमती विहार, नंदना विलेज, मगध, गुमानी का पुरवा, आरआर गार्डन, चंद्राकोडर, श्याम विहार, गोहनकला गांव, लौंगपुर गांव, कोटवा, रूद्र नगर, सीता विहार, हर्ष विहार और हजारी लाल हॉस्पिटल के आसपास के इलाकों में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली बंद रहेगी।
इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे पानी भरकर रखें तथा मोबाइल-लैपटॉप जैसे आवश्यक उपकरण पहले से चार्ज कर लें। वहीं, गोयल चौराहा उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले अलीगंज के सेक्टर-एम, सेक्टर-एन, उस्मान एंक्लेव और कुर्सी रोड क्षेत्र में सबसे लंबी कटौती दर्ज की जाएगी। यहां सुबह 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक बिजली नहीं मिलेगी।
सात घंटे तक चलने वाली इस कटौती से बाजारों, संस्थानों और दफ्तरों में कामकाज प्रभावित होने की संभावना है। पुरनिया अलीगंज उपकेंद्र से जुड़े सेक्टर-सी, डी और ई में भी बिजली सप्लाई दो घंटे तक बाधित रहेगी। इन इलाकों में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक कटौती प्रस्तावित है।
इसके अलावा अहिबरनपुर उपकेंद्र के श्रीनाथजी विहार क्षेत्र में भी सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक बिजली उपलब्ध नहीं रहेगी। बिजली विभाग का कहना है कि यह आवश्यक मेंटेनेंस कार्य भविष्य में होने वाली फॉल्ट की समस्याओं को काफी हद तक कम करेगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सभी टीमों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। कोशिश की जाएगी कि निर्धारित समय से पूर्व सप्लाई बहाल की जा सके।






