Lucknow City

बिजली स्मार्ट मीटर वालों के लिए जरूरी खबर… ये ऐप नहीं किया डाउनलोड तो हो सकती है दिक्कत, जानिए इसकी खासियत

यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप बिजली उपभोक्ताओं को खपत, बैलेंस, रिचार्ज और शिकायत जैसी सभी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर देता है। इस ऐप से बिजली से जुड़ी हर जानकारी और सेवा अब घर बैठे मोबाइल पर उपलब्ध है

लखनऊ, 17 जनवरी 2026:

उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए एक खास डिजिटल सुविधा शुरू की है। “यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप” के जरिए अब बिजली से जुड़ी सभी जरूरी सेवाएं मोबाइल पर ही मिलेंगी। इस ऐप से उपभोक्ता अपनी रोजाना बिजली खपत, रिचार्ज बैलेंस और कनेक्शन से जुड़ी जानकारी कभी भी देख सकते हैं। अगर समय पर रिचार्ज नहीं किया गया तो बिजली कटने का खतरा भी रहता है, ऐसे में यह ऐप बेहद जरूरी हो गया है।

यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप के जरिए उपभोक्ताओं को अब बिजली दफ्तर या काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बिजली कटौती, मीटर से जुड़ी परेशानी या अन्य शिकायतें इसी ऐप से दर्ज की जा सकती हैं। इतना ही नहीं, अगर कोई उपभोक्ता अपना बिजली कनेक्शन बंद कराना चाहता है, तो उसके लिए भी आवेदन ऐप के माध्यम से किया जा सकता है।

यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप पर पंजीकरण की प्रक्रिया बेहद सरल है। उपभोक्ता गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से आधिकारिक ऐप डाउनलोड करें। ऐप खोलने के बाद “लागिन या रजिस्टर” विकल्प पर क्लिक करें और “साइन अप” चुनें। इसके बाद 10 अंकों का खाता नंबर दर्ज करें और वही मोबाइल नंबर डालें जो बिजली कनेक्शन से जुड़ा है। ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद यूजरनेम और पासवर्ड बनाकर पंजीकरण पूरा किया जा सकता है।

यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप से प्रीपेड स्मार्ट मीटर को रिचार्ज करना भी बेहद आसान है। उपभोक्ता ऐप में लागिन करें, जहां मौजूदा बैलेंस दिखाई देगा। “रिचार्ज” या “पे नाव” विकल्प पर क्लिक कर मनचाही राशि भरें। इसके बाद यूपीआइ, क्यूआर कोड, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए भुगतान किया जा सकता है। रिचार्ज होते ही बैलेंस अपडेट हो जाता है।

गोमती नगर जोन में यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप को लेकर अच्छा रिस्पॉन्स देखने को मिला है। हजारों उपभोक्ता अब तक ऐप पर रजिस्टर हो चुके हैं और ज्यादातर को सत्यापन कोड भी मिल चुका है। ऐप रजिस्ट्रेशन और बिल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए चार कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के माध्यम से जागरूकता फैलाने के लिए सहायक अभियंता और जेई भी लगाए गए हैं।

लखनऊ गोमती नगर जोन के मुख्य अभियंता सुशील कुमार गर्ग के मुताबिक यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप उपभोक्ताओं के लिए काफी लाभकारी साबित हो रहा है। इससे न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि बिजली से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी तेजी से हो रहा है। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए यह ऐप अब एक जरूरी सुविधा बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button