लखनऊ, 22 जनवरी 2026:
अक्सर अपने बयानों और लोकगीतों को लेकर चर्चा में रहने वाली लोक गायिका नेहा सिंह राठौर एक बार फिर विवादों में आ गई हैं। वाराणसी के लंका थाने में दर्ज मुकदमे में पुलिस ने बयान दर्ज कराने के लिए उन्हें एक और नोटिस जारी किया है। नेहा को लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित उनके मकान पर केस से संबंधित नोटिस दिया गया। इस नोटिस में साफ तौर पर कहा गया है कि नेहा सिंह राठौर 7 दिनों के भीतर अपना बयान दर्ज कराएं।
लखनऊ में पहले हो चुका है बयान
इससे पहले नेहा सिंह राठौर 20 जनवरी को लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में अपना बयान दर्ज करा चुकी हैं। यह बयान सुप्रीम कोर्ट के 8 जनवरी के आदेश के बाद दर्ज किया गया था, जिसमें उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए पुलिस को बयान दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। इससे पहले 3 जनवरी की रात वह हजरतगंज कोतवाली पहुंची थीं, लेकिन पुलिस ने यह कहते हुए बयान नहीं लिया था कि रात के समय महिला का बयान दर्ज नहीं किया जा सकता।
जितनी मेहनत और तेजी मुझे परेशान करने के लिए की जा रही है काश उतनी मेहनत और तेजी पटना की बेटी को न्याय दिलाने के लिए की गई होती!
खैर, हज़रतगंज कोतवाली से बुलावे के बाद बनारस के लंका थाने की पुलिस भी घर आ गई है.
खूब बेटी बचा रहे हैं! लानत है!@myogiadityanath @narendramodi pic.twitter.com/5ppt3uO3Uj
— Neha Singh Rathore (@nehafolksinger) January 21, 2026
सोशल मीडिया पर फिर जताई नाराजगी
नोटिस मिलने के बाद नेहा सिंह राठौर ने एक और सोशल मीडिया पोस्ट की। इसमें उन्होंने लिखा कि जितनी तेजी और मेहनत उन्हें परेशान करने में की जा रही है, काश उतनी ही तेजी पटना की बेटी को न्याय दिलाने में होती। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि खूब बेटी बचा रहे हैं। इस पोस्ट के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
वकीलों से सलाह के बाद बयान देने की बात
लंका थाने से नोटिस मिलने के बाद नेहा सिंह राठौर ने कहा है कि उन्हें पुलिस का नोटिस मिल गया है। उन्होंने साफ किया कि वह अपने वकीलों से कानूनी सलाह लेने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी करेंगी और बयान दर्ज कराएंगी।
फिर तलब होने से बढ़ी चर्चा
हजरतगंज कोतवाली में बयान दर्ज होने के बावजूद अब वाराणसी के लंका थाने की ओर से तीसरा नोटिस भेजे जाने के बाद नेहा सिंह राठौर को एक बार फिर पुलिस ने तलब किया है। इस कार्रवाई के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है और आने वाले दिनों में नेहा सिंह राठौर क्या कदम उठाती हैं, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।






