लखनऊ, 24 जनवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में प्रीमियम लोकेशन पर लग्जरी घर की तलाश कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर-4 में 29 मंजिला नर्मदा अपार्टमेंट का निर्माण करने जा रहा है। यह अब तक एलडीए द्वारा बनाया जाने वाला सबसे ऊंचा आवासीय अपार्टमेंट होगा। योजना के लिए पंजीकरण आज से शुरू हो गया है। ये पंजीकरण 23 फरवरी 2026 तक चलेगा।
नर्मदा अपार्टमेंट में कुल 300 लग्जरी 3 बीएचके फ्लैट (स्टडी हॉल सहित) और 12 सुपर लग्जरी पेंट हाउस प्रस्तावित हैं। 2100 वर्गफीट के फ्लैटों की शुरुआती कीमत 1.40 करोड़ रुपये जबकि 4000 वर्गफीट के पेंट हाउस की कीमत 2.8 करोड़ रुपये से शुरू होगी। फ्लैटों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी सिस्टम से किया जाएगा।
एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक नर्मदा अपार्टमेंट को आधुनिक जीवनशैली को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। यहां जिम, स्वीमिंग पूल, हरियाली से भरपूर पार्क, क्लब हाउस, बच्चों के लिए प्ले एरिया, 24 घंटे पावर बैकअप और 500 से अधिक वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा निवासियों की दैनिक जरूरतों के लिए परिसर में दुकानें भी विकसित की जाएंगी।
अपार्टमेंट की लोकेशन इसकी सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है। यह जी-20 रोड स्थित एलडीए के राप्ती अपार्टमेंट के ठीक बगल में बनाया जाएगा। यहां से शहीद पथ, इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम, प्लासियो मॉल और पुलिस मुख्यालय जैसी प्रमुख जगहें चंद कदमों की दूरी पर हैं, जिससे कनेक्टिविटी बेहद बेहतर होगी।
एलडीए अभियंताओं के अनुसार नर्मदा अपार्टमेंट लगभग 12,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा जिस पर करीब 330 करोड़ रुपये की लागत आएगी। निर्माण कार्य तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। आवंटियों को पांच साल के भीतर कब्जा सौंपने की योजना है।
पंजीकरण केवल एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट www.ldalucknow.in के माध्यम से ही किया जाएगा। आवेदकों को फ्लैट की अनुमानित कीमत का 5 प्रतिशत पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा जबकि आरक्षित वर्ग के लिए यह राशि 2.5 प्रतिशत तय की गई है।
आवंटन के बाद पूरी राशि 36 महीने की किस्तों में जमा की जा सकेगी। वहीं 45 से 90 दिनों के भीतर एकमुश्त भुगतान करने वालों को 4 से 6 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाएगी। नर्मदा अपार्टमेंट एलडीए की उन महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है जो लखनऊ को आधुनिक और विश्वस्तरीय शहर बनाने की दिशा में एक और मजबूत कदम मानी जा रही है।






