Lucknow City

घर का सपना होगा साकार… LDA एक साथ लॉन्च करने जा रहा दो योजनाओं में 3100 प्लॉट

लखनऊ में जल्द खुलेगा ऑनलाइन पंजीकरण, वरूण विहार और नैमिष नगर योजना के चार सेक्टरों में होंगे 72 से 450 वर्गमीटर तक के भूखण्ड, आगरा एक्सप्रेस-वे और आईआईएम रोड पर विकसित होंगे नए आधुनिक शहर

लखनऊ, 16 जून 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) जल्द ही अपनी महत्वाकांक्षी वरूण विहार और नैमिष नगर योजनाओं को एक साथ लॉन्च करने जा रहा है। दोनों योजनाओं के चार सेक्टरों में करीब 3100 आवासीय भूखण्डों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण खोला जाएगा। इनमें 72 वर्गमीटर से लेकर 450 वर्गमीटर तक के प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे छोटे और बड़े दोनों तरह के निवेशकों व परिवारों को लाभ मिलेगा।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने पारिजात सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की लॉन्चिंग की रूपरेखा तय की। उन्होंने दोनों परियोजनाओं में 18 मीटर से 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश भी दिए।

आगरा एक्सप्रेस-वे के किनारे लगभग 6,580 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली वरूण विहार योजना को एलडीए की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में माना जा रहा है। सदर और सरोजनीनगर तहसील के कई गांवों की भूमि पर बसाई जा रही इस योजना में भविष्य में करीब 3.5 लाख लोगों को आवासीय सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके साथ ही उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी।

योजना की खासियत यह होगी कि यहां 800 एकड़ से अधिक क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट, पार्क और वॉटर बॉडी विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, सेंट्रल पार्क और 300 एकड़ में लॉजिस्टिक पार्क भी बनाया जाएगा। प्रथम चरण में यहां 1926 भूखण्ड लॉन्च किए जाएंगे। इनमें कैलाश खंड के 1218 और काशी खंड के 708 भूखण्ड शामिल हैं।

वहीं आईआईएम रोड पर लगभग 3600 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित नैमिष नगर योजना लखनऊ के उत्तरी क्षेत्र के विकास की नई पहचान बनेगी। बीकेटी तहसील के अनेक गांवों में विकसित की जा रही इस योजना में प्रथम चरण में 1179 आवासीय भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला जाएगा। इनमें ब्रह्मा खंड के 669 और भूमि खंड के 510 भूखण्ड शामिल हैं।

एलडीए की इन दोनों योजनाओं के लॉन्च होने से शहर का विस्तार होने के साथ ही हजारों लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नियोजित आवासीय क्षेत्र में बसने का अवसर भी मिलेगा। रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए भी यह एक बड़ा अवसर माना जा रहा है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button