पंकज
काकोरी (लखनऊ), 20 मई 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा इलाके में प्रस्तावित पुल निर्माण को लेकर फल एवं सब्जी मंडी के आढ़तियों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया है। बुधवार को मंडी परिसर में व्यापारियों ने प्रदर्शन करते हुए सेतु निगम पर बिना जानकारी दिए मंडी के भीतर पुल निर्माण की तैयारी करने का आरोप लगाया। आक्रोशित आढ़तियों ने चेतावनी दी कि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो 30 मई को विशाल विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
व्यापारियों के मुताबिक प्रस्तावित पुल सीतापुर बाईपास से कानपुर बाईपास तक बनाया जाना है। इसका बड़ा हिस्सा दुबग्गा फल एवं सब्जी मंडी के अंदर से गुजर रहा है। मंडी परिसर में गेट नंबर-2 के पास चौराहे पर पिलर निर्माण के लिए निशान लगाए जाने के बाद व्यापारियों का गुस्सा भड़क उठा। उनका कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना और सहमति के निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है।
आढ़तियों ने आरोप लगाया कि हरदोई रोड की ओर स्थित मंडी का बड़ा हिस्सा और मंडी विस्तार क्षेत्र पुल की जद में आ जाएगा। इससे मंडी दो हिस्सों में बंट जाएगी और वर्षों पुराना व्यापारिक ढांचा पूरी तरह प्रभावित होगा। व्यापारियों का कहना है कि योजना लागू हुई तो आढ़तियों, किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों समेत करीब 50 हजार लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान बंद पड़े गेट नंबर-5 को तत्काल खोलने और मंडी के भीतर ई-रिक्शा के प्रवेश पर लगी रोक हटाने की भी मांग उठी। व्यापारियों का कहना है कि इन प्रतिबंधों से पहले ही कारोबार प्रभावित हो रहा है। ऊपर से पुल निर्माण की योजना ने चिंता और बढ़ा दी है। युवा किसान आढ़ती फल-सब्जी व्यापारी एसोसिएशन एवं दुबग्गा फल-सब्जी व्यापार समिति के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में अध्यक्ष मयंक लाला यादव, परवेज आलम, अजय सिंह, नवजोत सिंह, गुलफाम, कलाम, आबाद खान, ज्ञान सिंह, एजाज और छोटू मिश्रा समेत बड़ी संख्या में आढ़ती मौजूद रहे।






