Business

पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीदों से शेयर बाजार ने भरी नई उड़ान… सेंसेक्स 76,500 पार

आईटी और फाइनेंस शेयरों में जोरदार खरीदारी, रुपया भी डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ, तेल कीमतों में नरमी का असर, वेदांता समूह के पुनर्गठन से निवेशकों को करीब 20 फीसदी अतिरिक्त वैल्यू मिलने का दावा

बिजनेस डेस्क, 16 जून 2026:

भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी का माहौल देखने को मिला। पश्चिम एशिया में हालात सामान्य होने की उम्मीदों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया, जिसका असर शुरुआती कारोबार से ही बाजार पर दिखा। सेंसेक्स 300 अंक से ज्यादा चढ़कर 76,500 के पार पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी 23,900 के ऊपर कारोबार करता नजर आया।

कारोबार की शुरुआत में बीएसई सेंसेक्स 300.03 अंकों की बढ़त के साथ 76,564.36 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 75.15 अंक मजबूत होकर 23,929.05 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। विदेशी मुद्रा बाजार में भी रुपये ने मजबूती दिखाई और डॉलर के मुकाबले पांच पैसे चढ़कर 94.53 पर पहुंच गया।

बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह ईरान और अमेरिका के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर बढ़ी उम्मीदें मानी जा रही हैं। निवेशकों को भरोसा है कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से कच्चे तेल की आपूर्ति बेहतर होगी, जिससे वैश्विक बाजारों में भी स्थिरता आएगी। इसी सकारात्मक माहौल के चलते पिछले दो कारोबारी सत्रों में भी प्रमुख सूचकांक करीब तीन फीसदी तक उछल चुके हैं।

मंगलवार के कारोबार में आईटी और फाइनेंस सेक्टर के शेयरों ने बढ़त की अगुवाई की। एचसीएल टेक और बजाज फाइनेंस के शेयरों में शुरुआती कारोबार के दौरान करीब दो-दो फीसदी तक तेजी दर्ज की गई। इन शेयरों में खरीदारी बढ़ने से बाजार को अतिरिक्त मजबूती मिली।

Advertisement

उधर, वेदांता समूह के कारोबार पुनर्गठन की भी बाजार में चर्चा रही। समूह ने अपने विभिन्न कारोबारों को अलग-अलग कंपनियों में बांटने की प्रक्रिया के बाद निवेशकों के लिए करीब 20 फीसदी अतिरिक्त वैल्यू अनलॉक होने का दावा किया है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से निवेशकों को लंबे समय में फायदा मिल सकता है।

हालांकि डिमर्जर के बाद शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई वेदांता समूह की चार नई कंपनियों के शेयर शुरुआती बढ़त बरकरार नहीं रख सके और उनमें कुछ मुनाफावसूली देखने को मिली। इसके बावजूद समूह के पुनर्गठन को निवेशकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया दिखी।

READ MORE

ये भी पढ़ें  Share Market : हरियाली कायम, 24 हजार के ऊपर निफ्टी, 77 हजार के पार सेंसेक्स

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link