लखनऊ, 24 जनवरी 2026:
उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर लखनऊ के बसंतकुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित भव्य यूपी दिवस समारोह शनिवार को राजनीतिक संदेशों का बड़ा मंच बन गया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला और जनता से जात-पात से ऊपर उठकर भारतीय जनता पार्टी को फिर से प्रचंड बहुमत देने की अपील की।
अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश को लेबर सोर्स स्टेट कहा जाता था लेकिन आज यह देश की अर्थव्यवस्था का फोर्स स्टेट बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश का सर्वांगीण विकास, युवाओं का भविष्य और देश की सुरक्षा तभी सुनिश्चित हो सकती है जब प्रदेश में एक बार फिर पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बने। उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी को वंशवादी पार्टियां बताते हुए कहा कि ये दल उत्तर प्रदेश का कल्याण नहीं कर सकते।
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई उड़ान भरी है। पूरे प्रदेश को नेशनल हाईवे नेटवर्क से जोड़ा गया है। आज देश में सबसे अधिक एयरपोर्ट वाला राज्य उत्तर प्रदेश बन चुका है। डिफेंस कॉरिडोर की स्थापना से ब्रह्मोस जैसी मिसाइलों का निर्माण प्रदेश में हो रहा है जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम है।

योगी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है। कानून-व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार हुआ और गरीब कल्याण की योजनाएं जमीन पर उतरी हैं। उन्होंने बताया कि आज हर गांव तक 24 घंटे में कम से कम 20 घंटे बिजली पहुंच रही है। डकैती की घटनाओं में 94 प्रतिशत और लूट में 82 प्रतिशत तक की कमी आई है।
अमित शाह ने कहा कि 2047 में आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश एक पूर्ण विकसित राज्य के रूप में विकसित भारत का प्रमुख स्तंभ बनेगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश को भारत की धड़कन और आत्मा बताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में यह राज्य देश के विकास का इंजन बनेगा।
समारोह में राष्ट्र प्रेरणा स्थल की भव्यता की सराहना करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि जहां आज यह स्थल खड़ा है, वहां कभी कूड़े का पहाड़ हुआ करता था। भाजपा सरकार ने उसे प्रेरणा के केंद्र में बदल दिया। उन्होंने बताया कि हर साल एक लाख युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त और गारंटी-मुक्त ऋण दिया जा रहा है जिससे अब तक 1.30 लाख युवाओं को 5,322 करोड़ रुपये का लाभ मिला है।
वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट योजना, कृषि विकास दर, गन्ना व एथेनॉल उत्पादन, आवास और पेंशन योजनाओं का उल्लेख करते हुए अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का फूड बास्केट बन चुका है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण और प्रयागराज महाकुंभ का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे सनातन संस्कृति की वैश्विक पहचान बताया।
अंत में गृहमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि आने वाले चुनाव में वंशवादी राजनीति को नकारें और भाजपा को एक बार फिर अवसर देकर उत्तर प्रदेश को विकास के पथ पर और तेज गति से आगे बढ़ाएं। उन्होंने वंदे मातरम और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।






