लखनऊ, 30 जनवरी 2026:
लखनऊ एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एक सऊदी अरब जाने वाले विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। अमौसी से विमान के उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही तकनीकी खामी आ गई, जिससे पायलट को विमान को वापस लखनऊ की ओर मोड़ने का निर्णय लेना पड़ा।
विमान के मुंबई के पास पहुंचते ही केबिन प्रेशर में दिक्कत आने लगी। इसके कारण कुछ यात्रियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। पायलट ने पहले मुंबई एयरपोर्ट से लैंडिंग की अनुमति मांगी, लेकिन वहां से अनुमति न मिलने पर पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट से संपर्क किया। लखनऊ एयरपोर्ट ने इमरजेंसी लैंडिंग की मंजूरी दी, जिसके बाद विमान वापस लौट आया।
करीब 82 मिनट की उड़ान के बाद विमान सुरक्षित रूप से लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड कर गया। विमान सऊदी अरबिया एयरलाइंस का था, जो जेद्दा जा रहा था। फ्लाइट नंबर SV-891 में 275 यात्री, 4 पायलट और 6 क्रू मेंबर सवार थे। विमान का निर्धारित उड़ान समय दोपहर 12:05 बजे था, लेकिन तकनीकी कारणों से यह 12:23 बजे उड़ान भर सका। विमान में मौजूद तकनीकी खराबी को ठीक करने के लिए इंजीनियरों की एक टीम काम कर रही है। फिलहाल, विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर खड़ा है और यात्रियों को विमान से उतारा नहीं गया है।
कैसे काम करता है केबिन प्रेशर
हवाई यात्रा के दौरान केबिन प्रेशर विमान की एक महत्वपूर्ण सुरक्षा विशेषता है। यह प्रेशर हवाई जहाज के अंदर मेंटेन रखा जाता है, ताकि यात्रियों को 30,000 से 40,000 फीट की ऊंचाई पर भी सांस लेने में कोई परेशानी न हो।






