Sports

WPL एलिमिनेटर आज: दिल्ली और गुजरात में होगी कड़ी टक्कर, कौन होगा फाइनल का दूसरा दावेदार?

वडोदरा में WPL एलिमिनेटर में आज दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स आमने-सामने होंगी, जहां हारने वाली टीम का सफर खत्म हो जाएगा। दिल्ली लगातार चौथे प्लेऑफ में पहुंचकर पहली ट्रॉफी की तलाश में मैदान पर उतरेगी

खेल डेस्क, 3 फरवरी 2026:

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के चौथे सीजन में आज वह मुकाबला है, जहां एक गलती इस सीजन का खेल खत्म कर देगी। दिल्ली कैपिटल्स (DC) और गुजरात जायंट्स (GG) के बीच एलिमिनेटर मैच वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में खेला जाएगा। शाम 7.30 बजे शुरू होने वाले इस मैच से पहले टॉस 7 बजे होगा। जो टीम जीतेगी, वह 5 फरवरी को इसी मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ फाइनल में उतरेगी।

इस बार दिल्ली पर भारी रही गुजरात

दिल्ली और गुजरात के बीच अब तक लीग के इतिहास में आठ मुकाबले हो चुके हैं और दोनों ने चार-चार जीत दर्ज की हैं। लेकिन मौजूदा सीजन में कहानी पूरी तरह गुजरात के पक्ष में रही है। गुजरात ने दिल्ली को नवी मुंबई में चार रन और वडोदरा में तीन रन से हराया। दोनों मैचों में दिल्ली आखिरी ओवर में जीत से बस एक कदम दूर रह गई।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-02-03 at 11.39.52 AM

दिल्ली का अनुभव, लेकिन ट्रॉफी अब भी सपना

दिल्ली कैपिटल्स इस सीजन जेमिमा रोड्रिग्ज की कप्तानी में मैदान पर उतरी और आठ अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। यह लगातार चौथा मौका है जब दिल्ली प्लेऑफ में पहुंची है। पिछले तीन सीजन में टीम मेग लैनिंग के नेतृत्व में लीग में शीर्ष पर रही, लेकिन खिताब जीतने में नाकाम रही। इस बार दिल्ली पर पुराने रिकॉर्ड तोड़ने का दबाव होगा।

गुजरात की नजर पहली बड़ी छलांग पर

गुजरात जायंट्स ने लगातार दूसरी बार प्लेऑफ में जगह बनाई है। पिछले सीजन टीम तीसरे स्थान पर रही थी, लेकिन नॉकआउट मैच में मुंबई इंडियंस से हार गई थी। इस बार गुजरात ने लीग स्टेज में मुंबई को हराकर आत्मविश्वास हासिल किया है और अब टीम पहली बार फाइनल में पहुंचने के इरादे से उतरेगी।

गेंद और बल्ले से दिल्ली की उम्मीद

दिल्ली के लिए इस सीजन नंदनी शर्मा सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी हैं। उन्होंने टूर्नामेंट की चौथी हैट्रिक सहित कुल 15 विकेट झटके हैं और वह टीम की सबसे सफल गेंदबाज हैं। बल्लेबाजी में लौरा वोलवार्ट ने जिम्मेदारी संभाली है और अब तक 241 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई है।

गुजरात का भरोसा गार्डनर और डिवाइन

गुजरात जायंट्स की कप्तान एश्ले गार्डनर इस सीजन टीम की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रही हैं और उन्होंने 244 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में सोफी डिवाइन ने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 17 विकेट लिए हैं। खास बात यह है कि दिल्ली के खिलाफ खेले गए दोनों मैचों में डिवाइन ने आखिरी ओवर डालकर गुजरात को जीत दिलाई थी।

बल्लेबाजों के पक्ष में है ये पिच

कोटाम्बी स्टेडियम की पिच शुरुआती मुकाबलों में धीमी रही थी, जहां रन बनाना मुश्किल था और पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा मिला। लेकिन जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ा, बल्लेबाजों को बेहतर हालात मिले हैं। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है।

ये भी पढ़ें  सड़क चौड़ीकरण के दौरान पुराने हनुमान मंदिर परिसर की दीवार गिरी...मासूम की मौत

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link