Raebareli City

गुटखे के मनमाने दामों पर बवाल… दुकानदार ने महिला को पीटा, बचाने आए कई लोग घायल

पुराने स्टॉक को महंगे रेट पर बेचने के विरोध से शुरू हुआ हंगामा, दुकानदार व उसके समथकों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से किया हमला, तीन लोग हिरासत में

विजय पटेल

रायबरेली, 3 फरवरी 2026:

गुटखा की बढ़ी कीमतों को लेकर विवाद हिंसा में बदल गया। मिल एरिया थाना क्षेत्र के देवानंदपुर में एक दुकान पर पुड़िया खरीदने गई महिला के साथ दुकानदार द्वारा मारपीट की गई। आरोप है कि विरोध करने पर दुकानदार ने महिला पर हमला किया और बाद में बीच-बचाव करने आए लोगों को भी नहीं बख्शा।

देवानंदपुर की रहने वाली महिला एक दुकान पर गुटखा खरीदने पहुंची थी। आरोप है कि दुकानदार पुराने स्टॉक को भी नए बढ़े हुए रेट पर बेच रहा था। महिला ने जब इस पर आपत्ति जताई और पुराने रेट पर सामान न देने की बात कही तो दुकानदार गुस्से में आ गया।

कहासुनी के बाद दुकानदार ने महिला को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। इसी दौरान दुकानदार और उसके साथ मौजूद लोगों ने लाठी-डंडों के साथ पत्थर भी चलाए। इस हमले में महिला समेत कई लोग घायल हो गए।

घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर मिल एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button