लखनऊ के कई इलाकों में आज ठप रहेगी सप्लाई, ठंड में बिजली कटौती ने बढ़ाई परेशानी
मरम्मत कार्य के चलते लालबाग, सुपर मार्केट के आसपास, लालबाग गर्ल्स कॉलेज, इंद्रकरन प्लाजा, महावीर प्लाजा, डालीबाग कॉलोनी, गन्ना संस्थान, खादी ग्रामोद्योग और ग्राइंडर अपार्टमेंट के आसपास हजारों लोग होंगे प्रभावित
लखनऊ, 4 फरवरी 2026:
लखनऊ में कड़ाके की ठंड के बीच बिजली कटौती लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। एक ओर ठंड से लोग पहले ही परेशान हैं वहीं दूसरी ओर घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहने से घरेलू उपभोक्ताओं, व्यापारियों, कार्यालयों और विद्यार्थियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आज फिर शहर के कई प्रमुख इलाकों में मरम्मत और रखरखाव कार्य के चलते बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
जानकारी के अनुसार लालबाग और सुपर मार्केट के आसपास के क्षेत्र, लालबाग गर्ल्स कॉलेज, इंद्रकरन प्लाजा और महावीर प्लाजा इलाके में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली नहीं आएगी। इस लंबी कटौती से दुकानदारों और कार्यालयों के कामकाज पर सीधा असर पड़ने की आशंका है। वहीं कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
इसके अलावा राजभवन क्षेत्र में स्थित सरकारी प्रेस, पीडब्ल्यूडी क्वार्टर और बुध विहार पार्क के आसपास सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसी समयावधि में डालीबाग कॉलोनी, अमर उजाला कार्यालय, गन्ना संस्थान, खादी ग्रामोद्योग और ग्राइंडर अपार्टमेंट के आसपास भी बिजली कटौती की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ठंड के मौसम में हीटर, ब्लोअर और अन्य जरूरी उपकरणों के बिना रहना मुश्किल हो जाता है। कई इलाकों में बुजुर्गों और बच्चों को खास तौर पर दिक्कतें हो सकती हैं।
व्यापारियों ने भी मांग की है कि मरम्मत कार्य को जल्द से जल्द पूरा कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। बिजली विभाग का कहना है कि यह कटौती आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते की जा रही है। विभाग ने लोगों से सहयोग की अपील की है।






