लखनऊ, 8 फरवरी 2026:
उत्तर प्रदेश में पर्यटन को मजबूत करने की दिशा में सरकार का फोकस अब बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे जिलों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। धार्मिक, सांस्कृतिक और इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में राही टूरिस्ट लॉज का निर्माण और पुराने लॉजों का नवीनीकरण किया जा रहा है।
पिछले कुछ वर्षों में काशी, मथुरा, अयोध्या, आगरा और प्रयागराज जैसे प्रमुख धार्मिक शहरों में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसी को देखते हुए अब सरकार छोटे शहरों और उभरते पर्यटन स्थलों में भी ठहरने और खानपान की बेहतर सुविधाएं विकसित कर रही है।
11 जिलों में नए राही टूरिस्ट लॉज व बंगले
उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 11 राही टूरिस्ट लॉज और बंगलों का निर्माण कराया जा रहा है। ये सभी परियोजनाएं पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत विकसित की जा रही हैं। मथुरा के गोकुलगांव, आगरा के बटेश्वर, कासगंज के सोरों और सीतापुर में राही टूरिस्ट बंगले बनाए जा रहे हैं। वहीं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के पास एटा के पटना पक्षी विहार, हरदोई की सांडी झील और बुलंदशहर के नरौरा में भी नए टूरिस्ट लॉज तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रतापगढ़ के भूपियामऊ, औरैया के देवकली, बदायूं के कछला घाट और शामली के कांधला में भी राही टूरिस्ट लॉज के निर्माण का काम चल रहा है।
इको और धार्मिक पर्यटन को मिलेगा सहारा
इन परियोजनाओं का मकसद सिर्फ पर्यटकों को ठहरने की सुविधा देना नहीं है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार पैदा करना और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना भी है। राही टूरिस्ट लॉज के जरिए इको टूरिज्म, धार्मिक यात्रा और सांस्कृतिक पर्यटन को नया सहारा मिलने की उम्मीद है।
प्रयागराज, वाराणसी व चित्रकूट में रेनोवेशन
प्रयागराज में महाकुंभ और माघ मेले के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए यमुना नदी के किनारे होटल राही त्रिवेणी दर्शन में नए भवन का निर्माण कराया गया है, जिससे आवासीय क्षमता बढ़ी है। वहीं होटल राही इलावर्त में इंटीरियर का काम भी पूरा हो चुका है। वाराणसी के सारनाथ में स्थित राही टूरिस्ट लॉज में सुविधाओं का विस्तार और नवीनीकरण किया जा रहा है। धार्मिक स्थल चित्रकूट में राही टूरिस्ट लॉज के पार्ट-ए और पार्ट-बी का रेनोवेशन पूरा हो चुका है। बलरामपुर में भी टूरिस्ट लॉज के नवीनीकरण का काम तेजी से चल रहा है।
छोटे शहर भी बनेंगे पर्यटन का हिस्सा
पर्यटन विभाग का मानना है कि राही टूरिस्ट लॉज के नेटवर्क के विस्तार से प्रदेश के छोटे शहर भी पर्यटन मानचित्र पर उभरेंगे। बेहतर कनेक्टिविटी, ठहरने की सुविधा और स्थानीय आकर्षणों के साथ उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पर्यटन गंतव्य बनाने की दिशा में यह कदम अहम साबित होगा।






