Uttarakhand

देहरादून में कानून व्यवस्था पर सियासी संग्राम : NSUI ने घेरा पुलिस मुख्यालय, 16 को राजभवन कूच का ऐलान

पुलिस ने नौ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेजा, उन्हें बाद में कर दिया गया रिहा, कांग्रेस ने सरकार पर जमीन घोटाले का लगाया आरोप

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 13 फरवरी 2026:

राजधानी देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय का घेराव कर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने हत्या, लूट, चोरी और नशा तस्करी जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी का आरोप लगाते हुए राजधानी में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि बढ़ते अपराधों से महिलाओं और युवाओं में डर का माहौल है। पुलिस प्रशासन अपराध रोकने में नाकाम साबित हो रहा है। आक्रामक तेवरों को देखते हुए पुलिस ने नौ एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेजा, जहां से उन्हें बाद में रिहा कर दिया गया। प्रदर्शन में हिमांशु रावत, मुकेश, नितिन, हर्ष राणा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और कुछ देर के लिए क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित हुआ।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-02-13 at 5.03.48 PM

इस बीच पूर्व मंत्री व चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि महज 16 दिनों में पांच हत्याएं हो चुकी हैं, जो पहले वर्षों में सुनने को मिलती थीं, अब दिनदहाड़े हो रही हैं। उन्होंने पुलिस के दावों को खोखला बताते हुए कहा कि 16 फरवरी को होने वाले राजभवन घेराव में कानून-व्यवस्था प्रमुख मुद्दा रहेगा।

डॉ. रावत ने धौलास जमीन घोटाले को भाजपा की अंदरुनी खींचतान का नतीजा बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने लैंड यूज चेंज कर जमीन को आवासीय घोषित किया। इसके लिए करोड़ों रुपये की डील हुई। बढ़ते अपराध और कथित घोटालों के बीच आने वाले दिनों में सियासी टकराव और तेज होने के संकेत साफ दिख रहे हैं।

ये भी पढ़ें  UP में फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : 9 आईएएस अधिकारियों के तबादले

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link