
देहरादून, 21 जून 2026:
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के मौके पर मुख्यालय उत्तराखंड सब एरिया ने गढ़ी कैंट, देहरादून में बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान सैनिकों के साथ उनके परिवारों ने भी उत्साह के साथ योग और प्राणायाम सत्रों में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मकसद लोगों को बेहतर शारीरिक फिटनेस, मानसिक सुकून और स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को रोजमर्रा का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस साल International Yoga Day की थीम योग से स्वस्थ जीवन रही। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार से हुई। इसके बाद ऐसे योगासन और प्राणायाम कराए गए जिन्हें हर उम्र के लोग आसानी से अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं। आयोजकों ने योग को लंबे समय तक बेहतर स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का जरिया बताया।

कार्यक्रम का आयोजन Indian Yogini Association, Adhya Kaushalam Trust और Patanjali Yogpeeth के सहयोग से किया गया। योग सत्रों का संचालन साध्वी देवदिति और शिखा ने किया। दोनों प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को सरल और व्यवहारिक तरीके से योगाभ्यास कराया।
मुख्यालय उत्तराखंड सब एरिया ने आयोजन से जुड़ी टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम सैनिकों और उनके परिवारों के बीच स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते हैं।






