Uttarakhand

उत्तराखंड पंचायत चुनाव : 31 जुलाई को होगी मतगणना, तैयारियां पूरी, 15,024 कर्मचारी तैनात

देहरादून, 30 जुलाई 2025:

उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 की मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना 31 जुलाई को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इस चुनाव में कुल 10,915 पदों के लिए मतदान हुआ और 34,151 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई है। मतगणना के लिए 15,024 कार्मिक तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 8,926 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहेंगे 8,926 पुलिसकर्मी

राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक मतदान की तरह मतगणना भी पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से कराई जाएगी। आयोग के सचिव राहुल कुमार गोयल ने बताया कि हरिद्वार को छोड़कर राज्य के 12 जिलों के 89 विकासखंडों में दो चरणों में मतदान संपन्न हुआ था। मतदान प्रतिशत 69.16 रहा, जिसमें पुरुषों की भागीदारी 64.23% और महिलाओं की 74.42% रही।

ये भी पढ़ें:

24 जुलाई और 28 जुलाई को दो चरणों में हुए मतदान के बाद अब मतगणना पर सभी की निगाहें टिकी हैं। मतगणना की निगरानी के लिए प्रेक्षक, जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी तैनात किए जाएंगे। सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के मद्देनज़र आवश्यक बैरिकैटिंग की गई है। आयोग के अनुसार रिटर्निंग ऑफिसर के स्तर पर परिणामों की घोषणा के बाद उन्हें आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित किया जाएगा।

विजय जुलूसों पर रहेगा प्रतिबंध

राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी जुलूसों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी जिलों को लिखित आदेश जारी कर कहा गया है कि किसी भी प्रकार के विजयी जुलूस की अनुमति नहीं दी जाएगी। मतगणना स्थलों पर वरिष्ठ अधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया जाएगा और प्रत्येक केंद्र पर एक पुलिस क्षेत्राधिकारी या थाना प्रभारी की ड्यूटी अनिवार्य रूप से लगाई जाएगी।

ये भी पढ़ें  दिल्ली होटल अग्निकांड: धामी ने प्रवासी की गिरफ्तारी पर सीएम रेखा गुप्ता से की बात, मिला ये आश्वासन

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link