Sitapur City

फर्जी दस्तावेजों से बनवाए दो पासपोर्ट…हेडऑफिस ने पकड़ा खेल, विदेश जाने का ख्वाब खाक

मानपुर निवासी रमजान के खिलाफ केस दर्ज, नाम, जन्मतिथि व परिवार का डिटेल बदलकर नया पासपोर्ट लेने का आरोप, अब निरस्त किया जाएगा पासपोर्ट

सीतापुर, 14 फरवरी 2026:

फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एक से अधिक पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ की शिकायत के बाद सीतापुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला सीतापुर जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के बिसेन्डा निवासी रमजान अली से जुड़ा है। लखनऊ स्थित पासपोर्ट कार्यालय में तैनात वरिष्ठ अधीक्षक पॉलिसी की ओर से एसपी सीतापुर को एक पत्र भेजा गया। पत्र में बताया गया कि आवेदक रमजान ने आधार कार्ड, वोटर कार्ड समेत अन्य दस्तावेजों में हेरफेर कर अपने व्यक्तिगत विवरण बदल लिए और अलग अलग जानकारी के आधार पर दो पासपोर्ट बनवा लिए।

कार्यालय के रिकॉर्ड के अनुसार पहला पासपोर्ट वर्ष 2011 में रमजान अली नाम से जारी हुआ था, जिसकी वैधता जुलाई 2021 तक थी। इसमें जन्मतिथि 2 मार्च 1983 दर्ज थी और पता ग्राम बिसेंदा, मानपुर जनपद सीतापुर बताया गया था। इसके बाद वर्ष 2025 में उसी व्यक्ति ने फिर से पासपोर्ट बनवाया। नए पासपोर्ट में जन्मतिथि 1 जनवरी 1990 दर्ज कराई गई, साथ ही पिता, माता और पते की जानकारी में भी बदलाव पाया गया। जांच में सामने आया कि पुराने पासपोर्ट की जानकारी छिपाकर नया पासपोर्ट जारी कराया गया।

पासपोर्ट कार्यालय ने दोनों दस्तावेजों की जांच के बाद मामले को गंभीर मानते हुए पासपोर्ट को जब्त या निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय पुलिस को पत्र भेजा। मानपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button