NationalUttar Pradesh

यात्रीगण ध्यान दें… दिल्ली व मुंबई के सफर पर असर, गोरखपुर रूट पर रेल सेवाएं अस्त-व्यस्त

गोरखपुर जंक्शन पर चल रहे निर्माण कार्य ने पूर्वांचल से महानगरों को जोड़ने वाली रेल सेवाओं की रफ्तार पर लगाया ब्रेक, कुछ प्रमुख ट्रेनें निरस्त

लखनऊ, 15 फरवरी 2026:

पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर जंक्शन स्थित वॉशिंग पिट पर चल रहे निर्माण कार्य ने पूर्वांचल से महानगरों को जोड़ने वाली रेल सेवाओं की रफ्तार पर ब्रेक लगाया है। निर्माण मार्च माह के अंत तक पूरा होने की संभावना है। इस दौरान कुछ प्रमुख स्पेशल और एक्सप्रेस ट्रेनें निरस्त रहेंगी। कुछ को रास्ते में ही शार्ट टर्मिनेट किया जाएगा और कई ट्रेनों का मार्ग अस्थायी रूप से बदला गया है।

रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाए गए हैं। खासकर गोरखपुर-दिल्ली और गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस रूट पर चलने वाली स्पेशल ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। गोरखपुर-दिल्ली स्पेशल 26-27 मार्च तक सीमित अवधि में संचालित होंगी जबकि गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल 27-28 मार्च तक प्रभावित रहेंगी।

मुंबई रूट पर भी यात्रियों को वैकल्पिक स्टेशनों से सफर करना पड़ेगा। दादर-गोरखपुर स्पेशल 29 मार्च तक मऊ जंक्शन पर शार्ट टर्मिनेट होगी और गोरखपुर-दादर स्पेशल 30 मार्च तक मऊ से चलाई जाएगी। बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस बलरामपुर तक सीमित रहेंगी। इसी तरह लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस गोंडा तक ही जाएंगी।

दूरगामी ट्रेनों में भी बदलाव किया गया है। लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस को आजमगढ़ और भटनी तक सीमित किया गया है। साबरमती-गोरखपुर एक्सप्रेस थावे तक संचालित होंगी जबकि पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस बढ़नी तक ही जाएंगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि कर लें और वैकल्पिक व्यवस्थाओं की योजना बनाकर ही स्टेशन पहुंचें। निर्माण पूरा होते ही गोरखपुर जंक्शन पर रखरखाव क्षमता बढ़ेगी, जिससे भविष्य में ट्रेनों की समयबद्धता और सुविधा में सुधार की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button