Hardoi City

सिंघाड़े खा रहीं तीन बच्चियां तालाब में डूबीं… एक को ग्रामीणों ने निकाला, दो की तलाश जारी

पिहानी क्षेत्र के रामपुर गांव की घटना, नाना के घर आई बच्ची सहेलियों के साथ गई थी तालाब पर, पुलिस व गोताखोर लगातार खोजबीन में लगे

हरदोई, 21 फरवरी 2026:

पिहानी कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव स्थित तालाब से सिंघाड़े निकालने गई तीन बच्चियां पानी में डूब गईं। ग्रामीणों की सतर्कता से एक बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो बच्चियां अब भी लापता हैं। पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, देहलिया गांव के मजरा रामपुर निवासी राजेश के घर उनकी नातिन जाह्नवी अपने ननिहाल आई हुई थी। सुबह जाह्नवी अपनी रिश्तेदार आरुषि और गांव की प्रियंका के साथ गांव के पूरब स्थित तालाब में सिंघाड़े निकालने गई थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान जाह्नवी का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चली गई।

उसे बचाने के प्रयास में आरुषि और प्रियंका भी पानी में उतर गईं, लेकिन तीनों डूबने लगीं। बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तुरंत पानी में उतरकर जाह्नवी को बाहर निकाल लिया। हालांकि आरुषि और प्रियंका का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।

ये भी पढ़ें:

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और खोज अभियान शुरू कराया गया। एएसपी मार्तण्ड प्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर आए। उन्होंने सुरक्षित बची जान्ह्वी से घटनाक्रम के बारे में पूछा। गोताखोर तालाब में जाल डालकर तलाश करते रहे, लेकिन दोनों बच्चियों का पता नहीं चल पाया था। गांव और परिवार में घटना के बाद से मातम और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।

ये भी पढ़ें  पुलिस लाइन में थानेदार के आवास में चोरी का खुलासा...आरोपियों को देखकर चौंकी पुलिस

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button