लखनऊ, 27 फरवरी 2026:
होली से पहले प्रदेश सरकार किसानों को राहत और सुविधा देने की तैयारी में है। कृषि विभाग ने अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है और किसान चार मार्च तक आवेदन कर सकते हैं।
सरकार की कोशिश है कि खेती में मशीनों का इस्तेमाल बढ़े, मजदूरी का खर्च घटे और किसानों की आमदनी में असली बढ़ोतरी दिखाई दे। इसी के तहत किसानों को सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक, कृषि ड्रोन और अलग अलग कृषि यंत्रों पर सब्सिडी दी जाएगी। इसके अलावा फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े यंत्र भी अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे पराली प्रबंधन और खेती दोनों आसान हो सकें। त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत बैच ड्रायर और मेज सेलर जैसे उपकरणों के लिए भी किसान आवेदन कर सकते हैं। सरकार का मकसद खेती में मशीनों के इस्तेमाल को बढ़ाना और किसानों की लागत कम करना है।
– जान लें आवेदन प्रक्रिया :
आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होगा। किसान www.agridarshan.up.gov.in वेबसाइट पर जाकर किसान कॉर्नर में यंत्र बुकिंग विकल्प पर क्लिक कर आवेदन कर सकते हैं। यंत्रों से जुड़ी जानकारी और अनुदान प्रक्रिया भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध है।
बुकिंग टोकन कन्फर्म होने के बाद किसानों को कृषि यंत्र खरीदकर उसकी रसीद और फोटो 10 दिन के भीतर www.agridarshan.up.gov.in या upyantratraking.in पर अपलोड करनी होगी। तय समय में दस्तावेज अपलोड न करने पर आवेदन निरस्त हो सकता है।
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2017-18 से 2025 तक प्रदेश में करीब तीन लाख कृषि यंत्र किसानों को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इनमें 2.31 लाख एकल कृषि यंत्र, 8405 कस्टम हायरिंग सेंटर और 7351 फार्म मशीनरी बैंक शामिल हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनवरी तक 7777 कृषि यंत्र, 51 कस्टम हायरिंग सेंटर और 64 फार्म मशीनरी बैंक से जुड़े बिल पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं।






