Uttarakhand

International Women’s Day : देहरादून में ‘साड़ी गौरव मैराथन’… साड़ी पहनें दौड़ीं महिलाएं

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजन, 2 और 3 किमी.की दौड़ में महिलाओं ने दिया स्वास्थ्य और परंपरा का संदेश

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 8 मार्च 2026

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देहरादून में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित ‘साड़ी गौरव मैराथन’ का आयोजन किया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय और महिला कल्याण विभाग के तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में पारंपरिक भारतीय परिधान साड़ी पहनकर महिलाओं ने उत्साह के साथ दौड़ में हिस्सा लिया।

मैराथन की शुरुआत नारी निकेतन चौराहा, दून विश्वविद्यालय रोड से हुई। प्रतिभागियों ने दून विश्वविद्यालय मार्ग पर 2 और 3 किलोमीटर की दूरी तय की। विभिन्न आयु वर्ग की 70 से अधिक महिलाओं ने साड़ी पहनकर दौड़ लगाई और यह संदेश दिया कि महिलाएं अपनी संस्कृति और परंपराओं को संजोते हुए हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं।

ये भी पढ़ें:

मुख्य अतिथि राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष गीता खन्ना रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि महिलाएं अपनी परंपराओं को साथ लेकर नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रही हैं। यह मैराथन महिलाओं की ऊर्जा, आत्मविश्वास और सक्रियता का उदाहरण है।

Saree Gaurav Marathon Dehradun Celebrates Women (1)

दो किलोमीटर दौड़ में नविता ने पहला स्थान प्राप्त किया। रेखा चौहान दूसरे और मीनू तड़ियाल तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं तीन किलोमीटर की दौड़ में गीता बहुगुणा प्रथम, रियांका द्वितीय और ऋतु तृतीय स्थान पर रहीं। मुख्य अतिथि ने सभी विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया।

60 वर्ष से अधिक आयु की मानेश्वरी को उनके उत्साह और प्रेरणा के लिए विशेष मेडल दिया गया। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को व्यस्त जीवनशैली के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। साथ ही यह संदेश देना भी था कि परंपराओं को अपनाते हुए महिलाएं शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर परिवार और समाज में अपनी जिम्मेदारियां निभा सकती हैं।

कार्यक्रम में मुख्य परिवीक्षा अधिकारी अंजना गुप्ता, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, उप मुख्य परिवीक्षा अधिकारी राजीव नयन, विधि अधिकारी समीक्षा शर्मा और कार्यक्रम प्रबंधक प्रीति उपाध्याय सहित कई महिला अफसरों ने भाग लिया।

ये भी पढ़ें  चारधाम यात्रा : ऊंचाई, ठंड और स्वास्थ्य समस्याएं बन रहीं बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए खतरा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link