योगेंद्र मलिक
देहरादून, 13 मार्च 2026:
राज्य में जन सुविधाओं के विकास और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न योजनाओं के लिए 44.64 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है। इस राशि का उपयोग आपदा जोखिम कम करने, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, औद्योगिक संस्थानों के सुधार और सामुदायिक ढांचे के विकास में किया जाएगा।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नेशनल लैंडस्लाइड रिस्क मिटीगेशन प्रोग्राम के तहत संभावित भू-स्खलन प्रभावित क्षेत्रों में जोखिम कम करने के लिए पहली किस्त के रूप में एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।
राज्य के विभिन्न जिलों में स्थित राजकीय औद्योगिक आस्थानों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के लिए एमएसएमई अवस्थापना विकास मद से 1.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं ऊधम सिंह नगर के खटीमा स्थित राजकीय जनजाति छात्रावास में मरम्मत और निर्माण के दो कार्यों के लिए 46.14 लाख रुपये तथा काशीपुर के जनजाति छात्रावास में दो कार्यों के लिए 37.71 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
देहरादून जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में गोर्खासंध धर्मशाला चंद्रबनी के जीर्णोद्धार और पार्किंग निर्माण के लिए 38.97 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह मसूरी विधानसभा क्षेत्र के गुनियाल गांव में सामुदायिक भवन के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए 65.93 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज स्थित जिला कारागार के विस्तार से जुड़े कार्यों के लिए 38.15 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की है। इसके अलावा 15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के तहत स्थानीय निकायों के माध्यम से स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए ब्लॉक स्तर पर लोक स्वास्थ्य इकाइयों की कार्ययोजना को लागू करने के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1.62 करोड़ रुपये की राशि जारी करने को मंजूरी दी गई है।






