बिजनेस डेस्क, 17 मार्च 2026:
हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को शेयर बाजार ने हल्की बढ़त के साथ शुरुआत की, लेकिन ओपनिंग के बाद ही बाजार में दबाव दिखने लगा। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ऊपरी स्तर से फिसल गए। रुपये में कमजोरी भी बाजार की चाल पर असर डालती दिखी।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 144 अंक गिरकर 75,358 के आसपास पहुंच गया, जबकि निफ्टी करीब 50 अंक टूटकर 23,358 के स्तर पर आ गया। डॉलर के मुकाबले रुपया भी 12 पैसे गिरकर 92.40 पर पहुंच गया।
सोमवार को बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 939 अंक चढ़कर 75,502 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 23,400 के पार निकल गया था। उसी तेजी के बाद आज बाजार ने ऊपर खुलकर शुरुआत की, लेकिन शुरुआत में ही मुनाफावसूली हावी हो गई।
बाजार के जानकारों का कहना है कि उतार-चढ़ाव के बावजूद निवेशकों का भरोसा बना हुआ है। विदेशी निवेशकों ने करीब 9 हजार करोड़ रुपये की बिकवाली की, लेकिन घरेलू निवेशकों ने 12 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश कर बाजार को सहारा दिया। ग्लोबल संकेत फिलहाल बाजार के पक्ष में हैं। अमेरिका के बाजार मजबूती के साथ बंद हुए, जिसका असर एशियाई बाजारों में भी दिखा। जापान, हांगकांग, दक्षिण कोरिया और ताइवान के बाजार बढ़त में कारोबार करते नजर आए।
हालांकि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें चिंता बढ़ा रही हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 103 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते सप्लाई पर असर पड़ रहा है, जिससे आगे भी दबाव बना रह सकता है। कमोडिटी बाजार में सोने और चांदी में गिरावट दर्ज की गई। 24 कैरेट सोना करीब 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास पहुंच गया, जबकि चांदी भी कमजोर होकर करीब 2.59 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर आ गई।






