स्पोर्ट्स डेस्क, 17 मार्च 2026:
टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अपनी शादी के बाद अब लखनऊ में ग्रैंड रिसेप्शन देने जा रहे हैं। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित एक फाइव स्टार होटल में मंगलवार शाम होने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। समारोह में करीब एक हजार खास मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है। कुलदीप ने अपनी शादी के खास मौके को Our Forever begins now कहकर अपने फैंस से शेयर किया था।
रिसेप्शन में क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां नजर आ सकती हैं। टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ रवींद्र जडेजा और युजवेंद्र चहल के पहुंचने की चर्चा है। इसके अलावा महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, सियासी गलियारों से भी कई बड़े चेहरे इस आयोजन में दिख सकते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निमंत्रण भेजा गया है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई नेता इस जश्न का हिस्सा बन सकते हैं।
रिसेप्शन को खास बनाने के लिए होटल के लॉन को रोशनी और फूलों से सजाया गया है। मेहमानों के लिए खास डिनर का इंतजाम किया गया है। सुरक्षा को देखते हुए बिना निमंत्रण किसी को भी एंट्री नहीं दी जाएगी।
इस आयोजन की एक खास बात यह भी है कि कई मेहमान चार्टर्ड विमानों से लखनऊ पहुंच रहे हैं। चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर इसके लिए अलग से स्लॉट तय किए गए हैं। माना जा रहा है कि देश-विदेश से कई नामी क्रिकेटर सीधे इस समारोह में शामिल होने आएंगे। बता दें कि कुलदीप यादव ने 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ मसूरी में शादी की थी। शादी बेहद निजी माहौल में हुई, जिसमें परिवार और करीबी लोग ही शामिल हुए थे।






