Uttar Pradesh

बहुगुणा जी ने UP को दी नई दिशा, पुण्यतिथि पर CM योगी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

उनकी प्रतिमा पर अर्पित कर पुष्प, पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा को बताया लोकप्रिय राजनेता और कुशल प्रशासक, प्रयागराज को नई पहचान दिलाने में रहा अहम योगदान

लखनऊ, 17 मार्च 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उन्हें एक लोकप्रिय राजनेता, कुशल प्रशासक तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बताया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा का जीवन जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक चेतना के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि बहुगुणा जी ने उत्तर प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और जनप्रतिनिधि के रूप में सदैव आमजन के हितों को प्राथमिकता दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बहुगुणा जी का जन्म तत्कालीन उत्तर प्रदेश (वर्तमान उत्तराखंड) के जनपद पौड़ी के एक छोटे से गांव में हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही हुई। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने प्रयागराज का रुख किया। प्रयागराज में उच्च शिक्षा के दौरान वे छात्र राजनीति से जुड़े और देश के स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई।

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 1942 में प्रयागराज में छात्रनेता के रूप में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। स्वतंत्रता के बाद उन्होंने जनप्रतिनिधि, प्रदेश सरकार में मंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में अनेक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने प्रयागराज को नई पहचान दिलाने में भी अहम योगदान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुगुणा जी के सभी कार्य समाज के हर वर्ग के कल्याण और देश की समृद्धि के लिए समर्पित थे। इस अवसर पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधायक जय देवी, एमएलसी रामचंद्र प्रधान, डॉ. अम्मार रिजवी, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी और पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button