Lucknow CityUttar Pradesh

वैश्विक तनाव के बीच सांस्कृतिक आयोजन देगा शांति का संदेश…कला, संगीत व व्यंजन का होगा संगम

लखनऊ स्थित शहीद स्मृति भवन में 22 से 25 मार्च तक जुटेंगे कलाकार, युवा प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, आर्ट कैंप, कॉन्सर्ट व पारंपरिक व्यंजनों से सजेगा कार्यक्रम

लखनऊ, 20 मार्च 2026:

दुनिया के कई हिस्सों में बढ़ते तनाव के बीच लखनऊ में कला, संगीत और खानपान के जरिए शांति का संदेश देने की तैयारी है। इसी कड़ी में 22 से 25 मार्च तक ‘विश्व शांति एवं स्थिरता’ पर आधारित चार दिवसीय आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राजकीय अभिलेखागार और व्हाइटस्वान आर्ट, नई दिल्ली के सहयोग से होगा।

पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं।
यह आयोजन शहीद स्मृति भवन, राज्य अभिलेखागार में होगा, जहां कला, संगीत और व्यंजन के जरिए लोगों को जोड़ने की कोशिश की जाएगी। उद्घाटन 22 मार्च को होगा, जिसमें कलाकार व लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व डीन प्रो. जय कृष्ण अग्रवाल मुख्य अतिथि रहेंगे। इतिहासकार डॉ. रवि भट्ट और वरिष्ठ पत्रकार प्रो. सुधीर मिश्रा भी मौजूद रहेंगे।

23 मार्च को कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना से होगी। इसके बाद ‘विश्व शांति एवं स्थिरता में कला की भूमिका’ विषय पर चर्चा होगी। इसी दिन उभरते कलाकारों का संगीत कार्यक्रम भी रखा गया है। साथ ही प्रदेश के पारंपरिक और कम चर्चित व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे।

24 मार्च को वंचित और विशेष जरूरत वाले बच्चों के लिए आर्ट कैंप आयोजित किया जाएगा। इसमें कलाकार और आर्ट संस्थान भाग लेंगे। आयोजन का समापन 25 मार्च को होगा। आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि कला और संगीत ऐसी भाषा है जो हर सीमा से ऊपर जाकर लोगों को जोड़ती है। इसी सोच के साथ इस कार्यक्रम के जरिए शांति और सद्भाव का संदेश फैलाने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button