Lucknow City

राजधानी में ईद की रौनक : इबादतगाहों में अकीदत के साथ पढ़ी नमाज…गले मिले, दी मुबारकबाद

ऐशबाग और टीले वाली मस्जिद में सुन्नी समुदाय ने पढ़ी नमाज, बड़ा इमामबाड़ा में शिया समाज जुटा, ईरान के हालात पर विरोध जताया, सियासी हस्तियों ने भी दी बधाई सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

लखनऊ, 21 मार्च 2026:

शनिवार को राजधानी में ईद का त्योहार पूरे जोश और अकीदत के साथ मनाया गया। सुबह से ही लोग नए कपड़ों में ईदगाह और मस्जिदों की ओर निकल पड़े। नमाज के बाद लोगों ने मुल्क में अमन, तरक्की और भाईचारे की दुआ मांगी और एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

WhatsApp Image 2026-03-21 at 12.42.24 PM (1)

सुन्नी समुदाय ने टीले वाली मस्जिद और ऐशबाग ईदगाह में नमाज अदा की। ऐशबाग ईदगाह में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ जुटने लगी थी। यहां मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली की अगुवाई में सुबह 10 बजे नमाज अदा हुई, इसके बाद सामूहिक दुआ की गई। सफेद कुर्ता-पायजामा और टोपी पहने लोगों से पूरा इलाका धार्मिक माहौल में रंगा नजर आया। नमाज में बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी शामिल हुए। नमाज से पहले और बाद में लोग एक-दूसरे से मिलते नजर आए, जिससे पूरे माहौल में अपनापन दिखा।

WhatsApp Image 2026-03-21 at 12.42.24 PM

ईद के मौके पर कई सियासी चेहरे भी ईदगाह पहुंचे। इनमें सपा मुखिया अखिलेश यादव, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, रीता जोशी बहुगुणा, अजय राय और दिनेश शर्मा शामिल रहे, जिन्होंने लोगों को ईद की बधाई दी। एक मंच पर दिखे नेताओं को सुनने के लिए युवाओं में काफी जोश दिखा।

इस दौरान अखिलेश यादव ने ईद की बधाई देते हुए कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही हम लोगों ने होली का त्यौहार मनाया था उसमें हम लोगों ने मिलकर गुजिया बांटी थी, आज एक और त्योहार आया है ईद का जहां हम लोग फिर गले मिले हैं। हम वह लोग हैं जो भाईचारा चाहते हैं, आपस में अमन चैन हो। दुनिया में शांति होगी तो हम और आप खुशहाली से आगे बढ़ सकते हैं।

WhatsApp Image 2026-03-21 at 12.42.23 PM (1)

इस दौरान मीडिया से रूबरू होने के दौरान एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि राजधानी में अब दोबारा बाटी-चोखा की दावत नहीं हो पाएगी, चुटिया पकड़कर खींच लिया गया, कितना अपमानित हुए बताइए। 2027 में बड़ी शपथ होने जा रही है, भाजपा का अब कुछ चलने वाला नहीं है।

शिया समुदाय ने काली पट्टी बांधी, नारे लगाए

बड़ा इमामबाड़ा स्थित आसिफी मस्जिद में शिया समुदाय ने नमाज अदा की। ईरान के हालात को लेकर लोगों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर नमाज पढ़ी। नमाज के बाद शिया समुदाय ने इजरायल और अमेरिका के विरोध में जमकर नारेबाजी की। सुरक्षा के लिहाज से इस बार खास इंतजाम किए गए थे। ऐशबाग ईदगाह और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रवेश और निकास द्वारों पर चेकिंग की गई। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी होती रही, जबकि कंट्रोल रूम से अधिकारी हालात पर नजर बनाए रहे।

WhatsApp Image 2026-03-21 at 12.42.23 PM

नगर निगम की ओर से साफ-सफाई और जरूरी सुविधाओं का भी इंतजाम किया गया। पेयजल, शौचालय और मेडिकल सुविधा उपलब्ध रही, ताकि नमाजियों को दिक्कत न हो। ईद के चलते शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया। ईदगाह के आसपास डायवर्जन लागू रहा और लोगों को वैकल्पिक रास्तों से आने-जाने की सलाह दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button