देहरादून, 28 मार्च 2026:
ऋषिकेश में अवैध जुआ और कथित कैसीनो संस्कृति पर लगाम लगाने के लिए देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार रात क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हरिद्वार रोड स्थित होटल नवरंग पर छापा मारकर वहां एक चल रही अवैध जुआ पार्टी का भंडाफोड़ किया।
छापेमारी के दौरान मौके से 40 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों में स्थानीय लोगों के अलावा दिल्ली, मेरठ, ग्रेटर नोएडा समेत अन्य शहरों से आए पुरुष और 10 महिलाएं भी शामिल हैं। ये सब जुआ पार्टी में हिस्सा ले रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3356 कैसिनो क्वाइन (टिक्की), 26 ताश की गड्डियां, ₹1,37,600 नकद और विभिन्न ब्रांड की नौ शराब की बोतलें बरामद कीं। अवैध गतिविधियों के प्रमाण मिलने के बाद होटल नवरंग को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। घटना के बाद से होटल मालिक फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
इस मामले में कोतवाली ऋषिकेश में सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, इस अवैध गतिविधि में स्थानीय पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आने पर एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए आईडीपीएल चौकी प्रभारी सहित 12 पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र में जुआ, शराब और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश जैसे पवित्र और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल को किसी भी सूरत में अवैध गतिविधियों का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा।






