लखनऊ, 30 मार्च 2026:
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ के कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आम लोगों की समस्याएं सुनकर प्रशासनिक संवेदनशीलता का स्पष्ट संदेश दिया। बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों से सीधे संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि घबराइए नहीं, हर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान कुर्सियों पर बैठे लोगों के बीच मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, आवास और सामाजिक योजनाओं से जुड़े मामलों की संख्या अधिक रही। योगी आदित्यनाथ ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर शिकायत को गंभीरता से लें और उसका निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जन-समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र निपटाने के निर्देश भी दिए। कई मामलों में मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समय पर राहत पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण की प्रगति पर नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि जनता का विश्वास प्रशासन में बना रहे। जनता दर्शन के इस आयोजन ने एक बार फिर यह संकेत दिया कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।






