Lucknow City

LDA का डिजिटल फैसला : अब ऑनलाइन मिलेगा आवंटन पत्र, 3 माह में डाउनलोड नहीं तो रद्द होगी संपत्ति

पारदर्शिता बढ़ाने और फर्जीवाड़े पर रोक के लिए एलडीएल ने लागू की नई व्यवस्था, एसएमएस से मिलेगी सूचना, एलडीए की वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा आवंटन पत्र

लखनऊ, 31 मार्च 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने संपत्ति आवंटन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए बड़ा डिजिटल कदम उठाया है। अब एलडीए द्वारा आवंटित सभी प्रकार की संपत्तियों के आवंटन पत्र केवल ऑनलाइन माध्यम से जारी किए जाएंगे। आवंटियों को यह पत्र प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट से ही डाउनलोड करना होगा।

एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार यदि कोई आवंटी 3 महीने के भीतर अपना आवंटन पत्र डाउनलोड नहीं करता है तो बिना किसी पूर्व सूचना के उसका आवंटन स्वतः निरस्त कर दिया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

नई व्यवस्था के तहत आवंटन पत्र वेबसाइट पर अपलोड होने के साथ उसकी सूचना आवंटी के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए भेजी जाएगी। इससे आवंटियों को समय पर जानकारी मिल सकेगी और उन्हें कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

अब तक प्रचलित व्यवस्था में आवंटन पत्र रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से भेजे जाते थे। इससे कई बार देरी या गुम होने की शिकायतें सामने आती थीं। इसके अलावा फर्जी आवंटन पत्र के जरिए धोखाधड़ी के मामले भी सामने आए थे। नई डिजिटल प्रणाली इन सभी समस्याओं को दूर करने में मदद करेगी।

किसी कारणवश आवंटन निरस्त होता है तो जमा की गई पंजीकरण राशि से नियमानुसार कटौती कर शेष धनराशि आवंटी को वापस कर दी जाएगी।
एलडीए ने सभी आवंटियों से अपील की है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर अपना आवंटन पत्र डाउनलोड कर आगे की प्रक्रिया पूरी करें जिससे किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button