Lucknow City

खून बेचकर मिली रकम से की पार्टी, EMI वसूली के लिए मजदूर को बनाया था बंधक, मैनेजर व साथी गिरफ्तार

पेट्रोल का खर्च निकालने के लिए बनाया खून निकालने का प्लान, ब्लड बैंक में एक यूनिट रक्त निकलवाने का आरोप, चार दिन तक घर में रखकर कराई मजदूरी, विरोध पर की मारपीट, मजदूर के भाई से 2,799 रुपये ऑनलाइन जमा कराने के बाद रैपिडो से भेजा घर, निगोहां पुलिस ने दो आरोपितों को पकड़ा, फाइनेंस कंपनी का मैनेजर भी शामिल, तीसरा आरोपी फरार

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 17 सितंबर 2026:

यूपी के लखनऊ स्थित निगोहां क्षेत्र में मोबाइल की किस्त वसूलने के लिए मजदूर को बंधक बनाकर खून निकलवाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने मजदूर को पकड़ने में खर्च हुए पेट्रोल के रुपये निकालने के लिए उसका खून निकलवाया। ब्लड बैंक से मिले रुपये खर्च करने के बाद दोनों ने पार्टी भी की। पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के मैनेजर सुशान्त शर्मा समेत अनिकेत सिंह उर्फ काका को पकड़ा है, जबकि मुख्य आरोपी शुभम सिंह की तलाश जारी है।

मोबाइल की 2,607 रुपये की किस्त थी बकाया

राजारामखेड़ा मजरा पुरहिया निवासी युवक ने फाइनेंस पर 30,500 रुपये का मोबाइल लिया था। उसकी 2,607 रुपये की किस्त बकाया थी। पुलिस के अनुसार आठ सितंबर को शुभम सिंह अपने साथी के साथ उसे मोबाइल की दुकान पर ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसे बुद्धेश्वर के पास स्थित एक ब्लड बैंक ले जाया गया, जहां उसका एक यूनिट रक्त निकलवाया गया। आरोप है कि रक्त के बदले मिली रकम आरोपितों ने अपने पास रख ली।

ये भी पढ़ें:

चार दिन घर में रखा, पुराने प्लास्टर की तुड़ाई कराई

खून निकलवाने के बाद युवक को शुभम के घर ले जाया गया। आरोप है कि वहां उसे करीब चार दिन तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उससे पुराने प्लास्टर को छैनी-हथौड़ी से तुड़वाकर मजदूरी कराई गई। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने युवक को पकड़ने में लगे पेट्रोल के खर्च की भरपाई के लिए पहले खून से रुपये जुटाने की योजना बनाई थी। इसके बाद बची रकम से पार्टी की।
lucknow-nigohan-crime-emi-recovery-blood-sold-forced-labor (2)

भाई से 2,799 रुपये ऑनलाइन वसूले

इसके बाद आरोपितों ने युवक के बड़े भाई राजकुमार से मोबाइल की किस्त के नाम पर 2,799 रुपये ऑनलाइन जमा कराए। रकम मिलने के बाद 12 सितंबर को युवक को रैपिडो बाइक से घर भेज दिया गया। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

फाइनेंस कंपनी का मैनेजर व साथी गिरफ्तार, फील्ड एजेंट शुभम की तलाश जारी

निगोहां पुलिस के अनुसार मामले में तीन टीमें लगाई गई थीं। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर निगोहां के चमन चौराहे से करीब 100 कदम दूर राती मार्ग से अनिकेत सिंह उर्फ काका और सुशान्त शर्मा (31) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सुशान्त ने बताया कि वह टीपीएस क्रेडिट सर्विसेज लिमिटेड के बीबीडी विराज टावर, विभूतिखंड स्थित कार्यालय में मैनेजर है। पुलिस के मुताबिक शुभम सिंह फील्ड एजेंट है। पुलिस के मुताबिक मोबाइल की किस्त वसूलने के लिए आरोपितों ने गैरकानूनी तरीका अपनाया। मामले में मुख्य तीसरा आरोपी शुभम सिंह फरार है।

ये भी पढ़ें  Apple Manager विवेक तिवारी हत्याकांड, 8 साल बाद फैसला, सिपाही प्रशांत दोषी, संदीप बरी, 21 को तय होगी सजा

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link