Prayagraj

प्रयागराज न्यूज : एक थप्पड़ से ऐसे खुला जमीन में दबे करोड़ों कैश का राज, टीमों ने खोद डाला घर, भाइयों से पूछताछ जारी

पुणे से दो पिकअप में भरकर प्रयागराज लाए गए थे नोटों से भरे बोरे, आयकर विभाग की मौजूदगी में पूरी हुई गिनती, पुलिस 15 से अधिक लोगों के संपर्क खंगाल रही

प्रयागराज, 2 नवंबर 2026:

यूपी के प्रयागराज में एक थप्पड़ ने जमीन के नीचे छिपाकर रखी करोड़ों की नकदी का राज खोल दिया। नवाबगंज के बरईपुर रामनगर गांव में छोटे भाई राकेश यादव से विवाद के बाद बड़े भाई राजेश यादव की मुश्किलें बढ़ गईं। राकेश ने पुलिस को घर में जमीन के अंदर दबाकर रखे गए तीन ड्रमों में करोड़ों रुपये होने की जानकारी दी थी। बुधवार को पुलिस और आयकर विभाग की टीम ने घर में खुदाई कराई तो तीन नीले ड्रमों से भारी मात्रा में नकदी मिली। गिनती अब पूरी हो गई है। इसमें कुल 3 करोड़ 20 लाख 93 हजार रुपये मिले हैं। पूरी रकम 500 रुपये के नोटों की गड्डियों में रखी गई थी। पुलिस व आयकर विभाग की टीम अब काले धन की तह तक जाने में लगी है।

थार खरीदने को लेकर हुआ था विवाद

ग्रामीणों के मुताबिक, नवरात्रि के दौरान राजेश यादव थार वाहन खरीदने की तैयारी कर रहा था। इस पर छोटे भाई राकेश ने विरोध जताया। उसका कहना था कि पहले ही जमीनें व अन्य तमाम चीजें खरीदीं गई। निर्माण कराया गया अब इतनी महंगी गाड़ी खरीदने से परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर चर्चा होने लगेगी। इसी बात पर दोनों भाइयों में विवाद हुआ। आरोप है कि राजेश ने राकेश को थप्पड़ मार दिया। इससे नाराज होकर राकेश थाने पहुंचा और पुलिस को पुणे से लाई गई नकदी के बारे में जानकारी दे दी।

पुणे से दो पिकअप में लाए गए थे नोटों से भरे बोरे

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कोरोना संक्रमण के दौरान राजेश पुणे की मार्शल नाम की कंपनी में काम करता था। यह भी जानकारी मिली है कि वह वहां एक सराफा कारोबारी के संपर्क में था। बताया जा रहा है कि कारोबारी के ठिकाने पर छापे के बाद नोटों से भरे बोरे राजेश के कमरे में रखे गए थे। कारोबारी के जेल जाने के बाद राजेश कथित तौर पर दो पिकअप वाहनों से नकदी के बोरे प्रयागराज स्थित अपने गांव ले आया। यहां उसने रुपये तीन ड्रमों में भरकर जमीन के अंदर छिपा दिए। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि के लिए पुणे की कंपनी से भी जानकारी जुटा रही है।

ये भी पढ़ें:

prayagraj-jameen-mein-dabe-3-crore-cash-ka-raaz (2)

Advertisement

करोड़ों की संपत्ति खरीदने की भी जांच

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में राजेश की आर्थिक स्थिति में तेजी से बदलाव आया। उसने करीब 25 बीघा जमीन खरीदी, जिस पर लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च होने की चर्चा है। इसके अलावा मकान बनवाने, एक साथ दो ट्रैक्टर खरीदने के साथ कई कमरों की मार्केट बनवाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब राजेश, राकेश के नाम के साथ रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गई जमीन और दूसरी संपत्तियों का ब्योरा जुटा रही है।

15 से ज्यादा लोगों के संपर्क खंगाल रही पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने दोनों भाइयों समेत घर के दूसरे सदस्यों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। 15 से अधिक लोगों की भूमिका को लेकर पड़ताल की जा रही है। पुलिस इनके संपर्कों, पिछले दस साल के रिकॉर्ड और आयकर रिटर्न की जानकारी भी खंगाल रही है, ताकि बरामद रकम का स्रोत पता चल सके। हिरासत में लिए गए दोनों भाइयों से लगातार पूछताछ हो रही है। नकदी चोरी की होने की आशंका भी जांच के दायरे में है।

prayagraj-jameen-mein-dabe-3-crore-cash-ka-raaz (3)

घर के आसपास सुरक्षा सख्त, खुदाई जारी

शृंग्वेरपुर धाम के पास स्थित बरईपुर रामनगर गांव में कार्रवाई के दौरान मकान के करीब 100 मीटर पहले ही रास्ता बंद कर दिया गया है। आने-जाने वालों से पूछताछ के बाद उन्हें दूसरे रास्ते से भेजा जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, घर के कमरों, आंगन और खाली स्थानों पर मजदूरों से खुदाई कराई गई। पुलिस को आशंका है कि मकान के दूसरे हिस्सों में भी नकदी छिपाकर रखी गई हो सकती है। आयकर विभाग की टीम की मौजूदगी में जांच जारी है।

ये भी पढ़ें  बमरौली एयरफोर्स स्टेशन के ऊपर आधी रात ड्रोन की उड़ान, चार बार दिखने के बाद FIR, जांच शुरू

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link