प्रयागराज, 7 जून 2026:
प्रयागराज के शिवकुटी इलाके में 14 वर्षीय अनाथ किशोरी को आग के हवाले किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसी किशोरी ने पांच दिन बाद होश में आने पर पुलिस को बताया कि उसके चाचा लंबे समय से उसके साथ गलत हरकतें करते थे। विरोध करने पर मिट्टी का तेल डालकर उसे जला दिया गया। पीड़िता का इलाज एसआरएन अस्पताल में चल रहा है। उसका चेहरा, हाथ और सीना बुरी तरह झुलस गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
बताया गया कि किशोरी की मां का निधन वर्ष 2015 में हो गया था, जबकि पिता की मौत 2024 में हुई थी। माता-पिता के निधन के बाद वह अपने चाचा-चाची के घर रह रही थी। उसका बड़ा भाई अलग परिवार के साथ राजापुर में रहता है।
पीड़िता के भाई ने बताया कि 29 मई की शाम चाची का फोन आया था। उन्होंने कहा कि उसकी बहन ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली है और उसे ले जाने को कहा। सूचना मिलते ही वह छोटे भाई के साथ मौके पर पहुंचा और गंभीर हालत में बहन को अस्पताल में भर्ती कराया।
भाई के मुताबिक बहन कई दिनों तक बोलने की हालत में नहीं थी। शुक्रवार रात तबीयत में कुछ सुधार होने पर उसने पूरी घटना बताई। किशोरी ने आरोप लगाया कि चाचा उसे गलत तरीके से छूते थे और लगातार परेशान करते थे। कई बार विरोध करने पर मारपीट भी की जाती थी।
पीड़िता ने यह भी बताया कि जब उसने चाची से शिकायत की तो उन्होंने मामला दबाने को कहा। आरोप है कि उसे कई बार भूखा रखकर प्रताड़ित किया गया। आखिरकार जब उसने चाचा की हरकतों का विरोध किया तो उस पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी गई।
बहन की आपबीती सुनने के बाद भाई ने उसका वीडियो रिकॉर्ड किया और शनिवार को शिवकुटी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चाचा, चाची, नाना समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिवकुटी पुलिस ने बताया कि शनिवार को शिकायत मिलने के बाद अस्पताल में पीड़िता का बयान दर्ज कराया गया है। आरोपी चाचा व चाची को हिरासत में लिया गया है।






