Prayagraj

पिता अतीक की कब्र के बगल अबान सुपुर्दे खाक, पैरोल पर पहुंचे भाई अली व उमर

सड़क हादसे में हुई थी अबान की मौत, इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर कड़ी सुरक्षा के बीच जेल से लाए गए दोनों भाई, एक घंटे की पैरोल में परिवार से भी की मुलाकात, तीन साल से फरार मां को खोज रही है पुलिस

प्रयागराज, 7 अगस्त 2026:

माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद को शुक्रवार को प्रयागराज के कसारी मसारी कब्रिस्तान में पिता अतीक अहमद की कब्र के बगल सुपुर्दे खाक किया गया। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अबान के जनाजे में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद जेल में बंद उसके दोनों भाई अली अहमद और उमर अहमद भी कड़ी सुरक्षा के बीच पैरोल पर अंतिम संस्कार में शामिल हुए। हालांकि उनकी मां शाइस्ता परवीन जनाजे में नहीं पहुंच सकीं। वो उमेश पाल हत्याकांड के बाद से ही फरार है। उस पर पुलिस ने 50 हजार का ईनाम घोषित कर रखा है।

अली को झांसी जेल और उमर को लखनऊ जेल से पुलिस सुरक्षा में प्रयागराज लाया गया। हाईकोर्ट ने दोनों को भाई की मिट्टी में शामिल होने के लिए सीमित समय की पैरोल दी थी। अदालत ने निर्देश दिया था कि पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी और पैरोल की सभी शर्तों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

जनाजे के बाद दोनों भाइयों को परिवार के साथ एक घंटे तक रहने की अनुमति भी दी गई। इस दौरान उनकी बुआ परवीन कुरैशी समेत परिजन मौजूद रहे। तय समय पूरा होने के बाद पुलिस दोनों को वापस संबंधित जेलों के लिए रवाना कर दिया।

ये भी पढ़ें:

इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान अली और उमर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए थे। अदालत ने दोनों की ओर से छोटे भाई को अंतिम विदाई देने की इच्छा जताने पर पैरोल मंजूर की। कोर्ट ने कहा कि यदि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हों तो अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी जा सकती है।
atiq-ahmed-son-aban-buried-in-prayagraj-brothers-ali-umar-on-parole (2)

अबान अहमद की गुरुवार को झांसी में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर कई गंभीर चोटों की पुष्टि हुई थी। हादसे के बाद से परिवार में शोक का माहौल है। अबान को उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के बगल दफनाया गया, जहां अंतिम विदाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। इस दौरान सपा विधायक आरके वर्मा भी परिवार को दिलासा देने पहुंचे।
atiq-ahmed-son-aban-buried-in-prayagraj-brothers-ali-umar-on-parole (3)

बता दें कि अतीक के बेटे असद के एनकाउंटर में मारे जाने और अब सबसे छोटे बेटे अबान की हादसे में मौत के बाद तीन बेटे ही जीवित बचे हैं। सबसे बड़ा बेटा उमर अहमद लखनऊ जेल में बंद है, जबकि दूसरा बेटा अली अहमद रंगदारी और आपराधिक मामलों के आरोप में जेल में सजा काट रहा है। चौथा बेटा अहजाम अहमद, जो पहले बाल सुधार गृह में था, फिलहाल अपने रिश्तेदारों के संरक्षण में है। अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन उमेश पाल हत्याकांड के बाद से ही लगातार फरार चल रही है और पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।

ये भी पढ़ें  SIR: बूथों की व्यवस्था परखी, मतदाताओं से संवाद, डीएम बोले- नोटिस मिलने पर घबराएं नहीं

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button